फोटो 5लघु सचिवालय में भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौते के खिलाफ प्रदर्शन करते किसान।संवाद
नारनौल। संयुक्त किसान मोर्चे के आह्वान पर ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन (एआईकेकेएमएस) ने बुधवार को भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौते के खिलाफ लघु सचिवालय में प्रदर्शन किया। किसानों ने राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन नगराधीश को सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने इस समझौते को किसान विरोधी बताया।
एआईकेकेएमएस के जिला सचिव व्रतपाल सिंह और छाजूराम रावत ने कहा कि यह समझौता मेहनतकश किसानों, मजदूरों और आम जनता के हितों के खिलाफ है। उन्होंने बताया कि अमेरिका में खेती पर भारी सब्सिडी मिलती है और यह बड़े कॉरपोरेट फार्म मॉडल पर आधारित है। भारत में 68 फीसदी किसान हैं, जिनमें 80 फीसदी छोटे व सीमांत किसान हैं। अमेरिकी कृषि उत्पादों के शून्य फीसदी आयात शुल्क पर आने से भारतीय बाजार भर जाएंगे। इससे भारतीय किसान और डेयरी उत्पादक बर्बाद हो जाएंगे।