पाले से खराब हुई फसलों की विशेष गिरदावरी कर मुआवजे की मांग को लेकर किसानों ने कृषि विकास एवं किसान कल्याण अधिकारी कार्यालय में नारेबाजी की। 12 से अधिक गांवों के किसान पाले से खराब हुई सरसों की फसल के पौधे लेकर पहुंचे। कृषि विभाग कार्यालय में किसानों ने विभाग के प्रति जमकर नारेबाजी की और रोष व्यक्त किया।
किसानों ने कहा कि पहले 4 दिन और अब 2 दिन से पड़ रहे पाले के कारण उनकी 70 से 90 प्रतिशत फसलें खराब हो चुकी हैं। विभिन्न गांव के किसानों ने इससे पहले कनीना लघु सचिवालय में पहुंचकर एसडीएम सुरेंद्र सिंह को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से किसानों ने बताया कि लगातार पाले की मार से क्षेत्र की फसलों व सब्जियों में 70 से 90 फीसदी तक नुकसान हो गया है। कृषि विभाग प्रशासन एवं सरकार से मांग है कि फसलों की शीघ्रता से गिरदावरी कर आर्थिक मदद की जाए।