नारनौल। अनाज मंडी स्थित सरकारी खाद केंद्र पर शुक्रवार को खाद का वितरण नहीं किया गया। इससे किसानों को बिना खाद लौटना पड़ा।
खाद केंद्र पर डीएपी खत्म हो गई थी। शुक्रवार को 500 बैग डीएपी की खेप सुबह 9 बजे पहुंची। इस कारण खाद का वितरण शनिवार से शुरू किया जाएगा। शुक्रवार को खाद केंद्र खुलने से पहले ही कई किसान केंद्र के बाहर एकत्रित हो गए थे लेकिन खाद केंद्र खुलने के बाद किसानों को सूचना मिली की डीएपी उपलब्ध नहीं होने के कारण आज वितरण नहीं की जाएगी।
वहीं वीरवार को अवकाश के कारण खाद वितरण नहीं किया गया था। लगातार दो दिन तक खाद वितरण नहीं होने से किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अनाज मंडी स्थित सरकारी खाद केंद्र पर 18 सितंबर से खाद का वितरण किया जा रहा है। 16 दिनों में अब तक करीब 2900 बैग डीएपी, 500 बैग एनपीके और 210 बैग टीएसपी की वितरित की गई। शुक्रवार को 500 बैग डीएपी की खेप खाद केंद्र पर पहुंची है। इससे अब खाद केंद्र पर 500 बैग डीएपी व 290 बैग टीएसपी उपलब्ध है।
-
खाद लेने आया था लेकिन आज वितरित नहीं किया गया। इस कारण कल खाद केंद्र आना पड़ेगा। प्रशासन से अपील है कि खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए ताकि किसानों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।-दिनेश यादव, मोहल्ला-चांदूवाड़ा
-
बुधवार को आया था लेकिन टोकन नंबर दिया गया था। खाद के लिए शुक्रवार को बुलाया गया था। शुक्रवार को खाद वितरित नहीं की गई। अब खाद के लिए खाद केंद्र तीसरी बार आना पड़ेगा।-अमित कुमार, गांव-भांखरी
केंद्रों पर खाद की उपलब्धता है। आवश्यकता अनुसार खाद की खेप पहुंचाई जा रही है। वहीं गांवों में बने केंद्र पर भी खाद पहुंचाई जा रही है ताकि किसानों को आसानी से खाद मिल सके।-संजय कुमार,गुणवत्ता नियंत्रक निरीक्षक, कृषि विभाग, नारनौल।