फोटो नंबर- 09नई अनाज मंडी में व्यापारियों द्वारा खरीदे गए बाजरा को बैग में भरकर सिलाई करते श्
नारनौल। अनाज मंडी में शनिवार को बाजरा बेचने आए कुछ किसानों ने घंटों लाइन में लगकर गेटपास कटवाए लेकिन बोली लगाकर व्यापारियों ने जिस भाव पर बाजरा खरीदा उससे कुछ किसान संतुष्ट नहीं हुए। कई किसानों ने बाजरा बेचने के लिए मना कर दिया।
इसके बाद किसान बाजरा लेकर बाहर जाने लगे और किसानों ने मार्केट कमेटी सचिव से गेटपास रद्द करने की मांग की। किसानों ने बताया कि मार्केट कमेटी सचिव ने गेटपास रद्द करने से मना कर दिया। कहा कि एक बार गेटपास कटने के बाद बाजरा बेचना ही पड़ेगा नहीं तो मंडी से बाहर नहीं जा सकते। इसके बाद किसानों को मजबूरन कम भाव पर बाजरा बेचना पड़ा।
हरियाणा दिवस व रविवार के अवकाश के बाद सोमवार को बाजरे की खरीद होगी या नहीं इसको लेकर किसानों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है।मार्केट कमेटी अधिकारियों को भी खरीद होगी या नहीं इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है। वहीं किसानों ने बाजरे की खरीद 15 नवंबर तक किए जाने की मांग की है।
-
शनिवार को बाजरा बेचने के लिए मंडी आया था। बाजरा खरीदने के लिए बोली लगाने आए केवल दो व्यापारियों ने एक-एक रुपया बढ़ाया और 1851 रुपये में बाजरा खरीदा। भाव उचित नहीं होने के कारण मैनें बाजरा बेचने से मना कर दिया और करीब शाम 7 बजे गेटपास रद्द करने की मांग की। लेकिन मार्केट कमेटी सचिव ने कहा कि गेटपास कटने के बाद बाजरा बेचना पड़ेगा चाहे भाव उचित लगे या नहीं। सत्येंद्र सिंह, किसान, गांव मोहम्मदपुर
-
वर्जन :
बाजरे की खरीद की अंतिम तिथि के लिए कोई निर्देश जारी नहीं हुए है। वहीं सोमवार को खरीद की जाएगी या नहीं इसको लेकर भी कोई निर्देश प्राप्त नहीं हुए है। -नकुल यादव,सचिव, मार्केट कमेटी, नारनौल।