फोटो नंबर-11नारनौल के रेलवे स्टेशन पर रिजर्वेशन कैंसिल करवाते लोग। संवाद
नारनौल। भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध के हालात बने हुए हैं। दुश्मन देश से सीमावर्ती क्षेत्रों पर हाई अलर्ट भी घोषित कर दिया है। इस बीच सेना के जवानों सहित सभी विभाग के कर्मचारियों की छुट्टियां भी रद्द कर दी गई हैं।
वहीं जिन श्रद्धालुओं ने वैष्णो देवी मंदिर के टिकट आरक्षित करवाई थी, वह अब कैंसिल करवाने नारनौल रेलवे स्टेशन पर आ रहे हैं। युद्ध की आशंका के बीच नारनौल रेलवे स्टेशन पर प्रतिदिन करीब 15 से 20 सेना के जवान दिल्ली और जैसलमेर सहित अन्य क्षेत्रों के लिए टिकट आरक्षित करवाने पहुंच रहे हैं।
दिल्ली से जैसलमेर तक चलने वाली रुणिचा एक्सप्रेस प्रतिदिन सुबह 11 बजे नारनौल रेलवे स्टेशन पहुंचती है। इसमें सेना के जवान सफर कर के सरहद तक पहुंच रहे हैं। वहीं जिन लोगों ने गर्मी में छुट्टियां मनाने के लिए टिकट आरक्षित करवाई थी, वे अब कैंसिल करवा रहे हैं।
ब्लैकआउट और आपातकालीन परिस्थितियों के कारण रेल यातायात भी प्रभावित हो रहा है। शुक्रवार को भी भगत की कोठी-बाडमेर और मुनाबाव-बाड़मेर रेलसेवा रद्द कर दी गई। वहीं नारनौल रेलवे स्टेशन से भी जैसलमेर के लिए ट्रेन संचालित होती है।
ऐसे में युद्ध जैसे हालात होने पर यह रूट भी प्रभावित हो सकता है। इसके अलावा महेंद्रगढ़ रेलवे स्टेशन से बिकानेर, जोधपुर के लिए ट्रेनों का संचालन होता है।