नारनौल। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) नारनौल में नौ अप्रैल को एक रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। संस्थान के प्रधानाचार्य विनोद खंगवाल ने बताया कि इस मेले में प्रसिद्ध कंपनी यूएनओ मिंडा, मानेसर भी आ रही है। यह कंपनी विभिन्न तकनीकी ट्रेडों के पासआउट युवाओं का चयन कर उन्हें नौकरी का अवसर प्रदान करेगी।
प्रधानाचार्य ने बताया कि इस चयन प्रक्रिया में इलेक्ट्रिशियन, फिटर, इलेक्ट्रॉनिक मैकेनिक, टीपीएस, प्लास्टिक प्रोसेसिंग ऑपरेटर, वायरमैन, वेल्डर और मशिनिस्ट जैसे ट्रेडों में प्रशिक्षित युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि कंपनी की ओर से चयनित होने वाले अभ्यर्थियों को 15 हजार रुपये प्रतिमाह सकल वेतन पर ऑन-रोल जॉब दी जाएगी। इसके लिए आयु सीमा 18 से 24 वर्ष तय की गई है।
वेतन के अलावा कंपनी द्वारा चयनित युवाओं को कई विशेष लाभ भी दिए जाएंगे जिनमें एक हजार रुपये का उपस्थिति पुरस्कार वर्ष में 14 अर्जित अवकाश और सात आकस्मिक अवकाश शामिल हैं। प्लेसमेंट अधिकारी सुनील यादव ने इस अवसर का लाभ उठाने के लिए जिले के सभी आईटीआई पासआउट छात्र-छात्राओं को आमंत्रित किया है।