ऑल हरियाणा पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल कर्मचारी यूनियन से संबंधित हरियाणा कर्मचारी महासंघ के मुख्य पदाधिकारियों की बैठक शुक्रवार को जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंडल नंबर-1 नारनौल में हुई। जिसकी अध्यक्षता श्री किशन शर्मा ने की। बैठक में राज्य प्रधान व राज्य महासचिव को तुरंत बहाल करने की मांग की गई।
जिला प्रधान ने बताया कि यूनियन के राज्य प्रतिनिधिमंडल को विभाग के प्रमुख अभियंता ने लिखित पत्र जारी करके कर्मचारियों की लंबित मांगों के समाधान हेतु बातचीत के लिए 13 अप्रैल तक समय दिया गया था। इस पर यूनियन का प्रतिनिधि मंडल राज्य प्रधान विश्वनाथ शर्मा और राज्य महामंत्री नरेंद्र धीमान के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल 13 अप्रैल को प्रमुख अभियंता से बातचीत के लिए पंचकूला पहुंचा। यहां बातचीत के दौरान प्रमुख अभियंता का रवैया ठीक नहीं था, जिसको लेकर यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने रोष व्यक्त किया। वहीं इसके तुरंत बाद प्रमुख अभियंता ने अपने अड़ियल रवैये के चलते राज्य प्रधान और राज्य महासचिव का निलंबन पत्र जारी कर दिया। इससे साफ प्रतीत होता है कि प्रमुख अभियंता कर्मचारियों की मांगों के प्रति गंभीर नहीं है और कर्मचारियों के प्रति तानाशाह रवैया अपना रहे हैं। जिसकी यूनियन कड़े शब्दों में निंदा करती है। वहीं राज्य कार्यकारिणी द्वारा निर्धारित तय कार्यक्रम के अनुसार आने वाली 26 अप्रैल को प्रदेश के सभी जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंडल स्तर कार्यालय पर सुबह 9 बजे से 11 बजे तक 2 घंटे का प्रमुख अभियंता के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर सभी निलंबन आदेश वापिस लिए जाने व कर्मचारियों की लंबित मांगों का समाधान करने की मांग की जाएगी। यदि कर्मचारियों की मांगों का समाधान समय रहते नहीं किया गया तो आने वाली 18 मई को राज्य कमेटी के आदेशानुसार प्रमुख अभियंता कार्यालय का घेराव किया जाएगा। जिसकी जिम्मेदारी राज्य सरकार व प्रमुख अभियंता की होगी। इस मौके पर चेयरमैन महाराम यादव, शाखा प्रधान दीपक शांडिल्य, बुधराम शर्मा, राजेंद्र यादव, राकेश शर्मा, मनोज शर्मा, पवन जांगड़ा, सतीश कुमार, राजू यादव, महावीर, जिले सिंह व होशियार आदि मौजूद रहे।