अंधड़ और बरसात ने जहां लोगों को गर्मी से राहत दी वहीं चरमराई बिजली व्यवस्था ने लोगों को बेहाल कर दिया है। लो वोल्टेज के अलावा कट से दुकानदार, व्यापारियों के अलावा सभी लोग परेशान हैं। सोमवार को आई बरसात और अंधड़ के कारण नारनौल शहर के साथ जिले के कई गांवों की बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। शहर के कई क्षेत्रों में रातभर लो वोल्टेज की समस्या ने लोगों को खूब सताया। लो वोल्टेज से एसी, कूलर यहां तक की पंखे भी नहीं चल पाए। लोगों की इस समस्या का समाधान मंगलवार शाम तक भी नहीं हो पाया था। सोमवार को आई बरसात राहत के साथ समस्याएं भी लेकर आई। कई जगहों पर लाइनों में फाल्ट आने से बिजली की समस्या पैदा हो गई। कई स्थानों पर रात नौ बजे से डिम लाइट की समस्या बन गई। यह समस्या पूरी रात रही, इस कारण लोग सो भी नहीं पाए। करीब 12 घंटे से भी ज्यादा समय तक बिजली की समस्या सही नहीं होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
इन मोहल्लों में हुई समस्या
सोमवार रात को डिम लाइट के कारण शहर के कई मोहल्लों में समस्या हो गई। इनमें रविदास मंदिर मार्ग, नई सराय, मन्नू नगर, ईश्वर कालोनी, निजामपुर रोड, श्याम कालोनी और मोहल्ला महल मिश्रवाड़ा में रही।
शेड्यूल के अनुसार नहीं मिल रही बिजली
मंडी अटेली। कस्बा अटेली और आसपास के गांवों में निर्धारित शेड्यूल के अनुसार भी लाइट नहीं मिल पा रही है। इस कारण लोगों को भारी परेशानी हो रही है। लाइट नहीं आने के कारण दुकानदार भी परेशान हो गए हैं। अटेली और आसपास के गांवों में दिन में 11 से तीन बजे तक और रात को सात से सुबह पांच बजे तक बिजली का शेड्यूल है, मगर लाइट सही नहीं मिल पा रही है।