नगर परिषद चुनाव के लिए नामांकन जमा कराने के तीसरे दिन नगर परिषद में नामांकन जमा कराने वालों की भीड़ उमड़ी। सुबह दस से दोपहर बाद तीन बजे तक नगर परिषद में लोगों का जमावड़ा रहा। शुक्रवार को 22 लोगों ने अपना नामांकन फार्म जमा कराया। नामांकन जमा कराने के लिए महिलाओं की भी खासी भीड़ नप में रही।
22 मई को नगर परिषद के चुनाव होने हैं। इसके लिए बुधवार से नामांकन प्रक्रिया जारी है। बुधवार को किसी ने भी अपना नामांकन जमा नहीं कराया था। वीरवार को दो लोगों ने ही नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन प्रक्रिया 11 मई तक चलेगी। वहीं आठ मई को रविवार और नौ मई को परशुराम जयंती का अवकाश रहेगा। ऐसे में मंगलवार और बुधवार दो दिन तक ही आवेदन जमा होंगे। इस कारण शनिवार को अनेक लोग अपना नामांकन जमा कराने के लिए नगर परिषद प्रांगण पहुंचे। जहां पर उन्होंने सहायक चुनाव अधिकारी तहसीलदार ईश्वर सिंह को अपना-अपना नामांकन पत्र जमा कराया।
नई-नई शर्तों से परेशान आवेदक
इस बार शिक्षा, नो ड्यूज, शपथ पत्र, प्रपोजल के शपथ पत्र व अन्य कई शर्त लगा देने के कारण आवेदक परेशान हैं। आवेदकों को यह डर सता रहा है कि कहीं उनका नामांकन गलत न हो जाए। इस कारण आवेदक पूरी सावधानी से नामांकन पत्र भर रहे हैं। शनिवार को अनेक लोग अपना पूरा नामांकन पत्र भरकर लाए, मगर फिर भी उनमें कमियां दिखाई दी। जिसके कारण सहायक निर्वाचन अधिकारी ऐसे आवेदकों को दुबारा से कमियां पूरी कर अपना आवेदन देने की कह रहे थे। जिसके कारण आवेदकों को काफी परेशानी हुई।
समर्थकों के साथ भी आ रहे हैं लोग
नगर परिषद में फार्म जमा कराने के लिए आवेदक समर्थकों के साथ भी आ रहे हैं। कई उम्मीदवार अपने साथ एक दो तो कई-कई उम्मीदवार अपने साथ 50 से 100 समर्थक तक ला रहे हैं। इस कारण नगर परिषद में भीड़ ज्यादा दिखाई दी। फार्म जमा कराने वाली महिला उम्मीदवार भी अपने समर्थकों के साथ आ रही थी। वहीं अनेक महिलाओं ने भी शनिवार को चुनाव के लिए आवेदन किया। इस कारण महिलाओं की भीड़ भी शनिवार को नप प्रांगण में दिखाई दी। शनिवार को एक वार्ड की महिला उम्मीदवार फार्म जमा कराने आई तो उनका घूंघट चेहरे से नहीं हटा। वहीं उनके साथ आई महिलाएं भी घूंघट में ही नजर आ रही थी।
इन लोगों ने किया नामांकन
वार्ड नंबर-2 से अनीता सैनी, वार्ड नंबर-3 से हरि सिंह, वार्ड नंबर-7 से 3 उम्मीदवारों हेमंत, नरेश कुमार व दिनेश, वार्ड नंबर-8 से सुरेंद्र, वार्ड नंबर-12 से तीन उम्मीदवारों लालचंद, सत्यनारायण व सुरेश चंद, वार्ड नंबर-13 से हरमीत कौर, वार्ड नंबर-14 से रजनी देवी, वार्ड नंबर-15 से प्रीति और कृष्णा देवी, वार्ड नंबर-16 से नगर परिषद के पूर्व प्रधान राजेंद्र यादव, वार्ड नंबर-18 से प्रवीण कुमार, वार्ड नंबर-19 से अनिल कुमार, वार्ड नंबर-20 से मंजू देवी, वार्ड नंबर-22 से मीनाक्षी देवी, वार्ड नंबर-23 से परमजीत व वार्ड नंबर-25 से 3 उम्मीदवारों ज्योति सैनी, शीशराम व सुरेंद्र सिंह ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।