संवाद न्यूज एजेंसी
नारनौल। जिले में लगातार गिरते तापमान व शीतलहर को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने एडवाइजरी जारी की है। सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार ने वृद्धजन, छोटे बच्चे, गर्भवतियों, हृदय व श्वास संबंधी रोगियों को शीतलहर में सावधानी बरतने की सलाह दी है।
उन्होंने बताया कि शीतलहर के दौरान अत्यधिक ठंड नागरिकों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती है। नोडल अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने कहा कि खांसी, जुकाम, सांस लेने में परेशानी या हाई-रिस्क लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।
सावधानियां और सलाह
अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें। निकलना आवश्यक हो तो गर्म कपड़े, टोपी, मफलर व दस्ताने पहनें। शरीर के तापमान का संतुलन बनाए रखने के स्वस्थ भोजन खाएं। गर्म पेय पदार्थों का सेवन करें और पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें। घर के अंदर अंगीठी, हीटर का उपयोग करते समय वेंटिलेशन का ध्यान रखें। वृद्धजन व बच्चों की विशेष देखभाल करें। दिल, दमा, मधुमेह एवं रक्तचाप के रोगी दवाइयां नियमित रूप से लें और जरूरत पड़ने पर चिकित्सक से परामर्श लें।