महेंद्रगढ़। शहर में बुधवार को दूसरे दिन भी अतिक्रमण हटाओ अभियान जारी रहा। इस दौरान दुकानों के आगे से लोहे की सीढ़ियां हटाने पर दुकानदार भड़क गए और तहसीलदार का घेराव कर नारेबाजी करने लगे। वहीं, तहसीलदार ने 16 दुकानदारों पर 5.70 लाख रुपये जुर्माना भी किया।
सुबह साढ़े 9 बजे तहसीलदार अजय कुमार दो पुलिसकर्मियों और नगर पालिका टीम के साथ बाजार में उतरे। तहसीलदार ने मसानी चौक से परशुराम रोड पर दुकानों के बाहर लगी सीढियां हटाने के निर्देश दिए गए। इस दौरान दुकानदारों की तहसीलदार के साथ तीखी बहस हुई और अंत में नपा टीम ने उनका चालान किया।
यहां पर तीन दुकानदारों के 20 हजार रुपये के चालान किए गए और दुकानों के आगे लगी लोहे की सीढ़ी जब्त कर ट्रैक्टर में डाल दी। तहसीलदार ने आगे बढ़कर कार्रवाई की और एक घर के आगे लगी सीढियां भी हटवाने के लिए करीब पांच मिनट तक आपसी नोकझोंक हुई। बाद में इनका भी चालान किया गया।
इसके बाद परशुराम चौक पर पहुंचते ही दुकानदारों का गुस्सा आसमान छूने लगा और तहसीलदार का घेराव कर नारेबाजी शुरू कर दी। बाद में तहसीलदार ठंडे पड़े और आगे बढ़ गए। सब्जी मंडी मोड़ के पास गाड़ी बुलाकर तहसीलदार अपने कार्यालय के लिए रवाना हो गए।
16 दुकानदारों पर 5.70 लाख रुपये जुर्माना
अतिक्रमण की कार्रवाई के दौरान टीम ने कुल 16 दुकानदारों के चालान किए गए। इसमें अधिकतर चालान रोड पर सीढियां लगाने के किए गए। इस दौरान टीम ने 12 दुकानदारों का 40-40 हजार रुपये का चालान किया गया जबकि तीन दुकानदारों का 20-20 हजार रुपये का चालान किया गया। इसके अलावा एक दुकानदार का 30 हजार रुपये का चालान किया गया।
बिना पुलिसबल के अभियान में उतरे तहसीलदार
परशुराम चौक पर तहसीलदार के पास महज दो पुलिसकर्मी थे लेकिन अतिक्रमण कार्रवाई के दौरान 50 से अधिक दुकानदार उनके चारों ओर आ गए और प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाने लगे। सवा दस बजे पुलिस बल बढ़ाने के लिए फोन किया गया,लेकिन टीम साढ़े 10 बजे मौके पर पहुंची। तब तक तहसीलदार की गाड़ी आई और वे रवाना हो गए।
-
दुकानदार बना रहे धरने की योजना
शहर में बुधवार को चालान होने पर दुकानदारों में गुस्सा छा गया और चौक पर कई गुट बन गए। सभी मिलकर धरने की योजना बना रहे हैं। उनका कहना है कि दुकानों का लेवल धरातल से ऊंचा है। बारिश में पानी दुकान में न आए, इसके लिए ऊंचा लेवल बनाया गया। अब सीढियों के बिना दुकानों व घरों में आवागमन संभव नहीं है। दुकानदारों ने सीढियां हटाने की बात को प्रशासन की गुंडागर्दी का नाम दिया और तानाशाही बर्दाश्त न करने की चेतावनी भी दी।
-
बॉक्स
प्रशासन से मांग है कि केवल नाली से बचाने के लिए एक-दो सीढ़ी बनाई हैं उस दुकानदार का चालान न किया जाए। दुकानदारों के खिलाफ भारी भरकम जुर्माना लगाया गया है उसे रद्द किया जाए। चालान से पूर्व दुकानदार को नोटिस जारी कर चेतावनी दी जाए।-सुनील अग्रवाल, हरियाणा व्यापार मंडल अध्यक्ष, महेंद्रगढ़
वर्जन:
नगर पालिका की ओर से चलाए जा रहे अभियान में सभी व्यापारियों एवं दुकानदारों से अपील है कि सहयोग करें। अनावश्यक रूप से लौहे की सीढ़ियां लगाकर रास्ते को अवरुद्ध किया जा रहा है। अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा। -रमेश सैनी, प्रधान, नगर पालिका महेंद्रगढ़
फोटो संख्या:69- अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत भगवान परशुराम चौक पर लगी दुकानदारों की भीड़---सं
फोटो संख्या:69- अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत भगवान परशुराम चौक पर लगी दुकानदारों की भीड़---सं