फोटो नंबर-07निर्माण को लेकर तोड़ी गई मुख्य बाजार की सड़क। संवाद
नारनौल। शहर के मुख्य पुल बाजार से लेकर महावीर मार्ग तक अधूरी पड़ी सड़क का निर्माण किया जाएगा। इस कारण मुख्य बाजार में आवागमन लगभग बंद हो गया है। इससे व्यापारियों और आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं नगर परिषद ने इस सड़क के निर्माण के लिए करीब 181.09 लाख रुपये का अनुमानित बजट निर्धारित किया है। व्यापारियों ने पहले उपायुक्त से मांग की थी कि सड़क निर्माण को दो चरणों में किया जाए, ताकि बाजार में आवाजाही पूरी तरह बंद न हो।
वहीं पूरी सड़क को एक साथ तोड़ने का काम जारी है। सड़क टूटने के दौरान कई स्थानों पर पेयजल की पाइप लाइनें भी क्षतिग्रस्त हो गई हैं जिससे दुकानों के आगे पानी जमा होने की समस्या पैदा हो गई है।
किला रोड से महावीर मार्ग तक बनने वाली इस सड़क का कुछ हिस्सा करीब एक वर्ष पहले तैयार कर दिया गया था। किला रोड से पुल के नीचे तक सड़क का निर्माण पूरा हो चुका है जबकि अब पुल बाजार से महावीर मार्ग तक के हिस्से पर काम शुरू किया गया है।
बाक्स-
सड़क निर्माण को लेकर तोड़ी गई पुरानी सड़क के कारण बाजार में कई जगह पेयजल लाइन टूट गई। इससे बाजार में दुकानों के आगे पानी जमा होने लगा है। एक सप्ताह से व्यापार ठप है। अब इस सड़क का जल्द निर्माण करवाया जाना चाहिए।
-नरेश सिंघल, दुकानदार
बाक्स-
बाजार में नई सड़क बनाई जा रही है यह अच्छी बात है। परंतु अब इसमें समय नहीं लगना चाहिए और सभी पेयजल लाइनों को ठीक करवा कर यह निर्माण शुरू करवाना चाहिए। यह मुख्य बाजार की सड़क है इसलिए इसका निर्माण भी नप अधिकारियों द्वारा पूरी मजबूती के साथ करवाना चाहिए।
-जगदीश पासी, दुकानदार
वर्जन:
व्यापारियों की मांग और व्यापार को देखते हुए ही इस समय सड़क निर्माण शुरू किया है। पुल बाजार से महावीर मार्ग तक पूरी सड़क पहले तोड़ी जाएगी। इसमें जिसकी भी पेयजल लाइन टूटी है वे ठीक करवा लें। सड़क निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूरा करवाया जाएगा।
-सोहन सिंह, एमई नगर परिषद, नारनौल