हरियाणा के लिए गर्व की बात है। दक्षिण अमेरिका के पेरू में 27 सितंबर से 10 अक्तूबर तक आयोजित विश्व जूनियर शूटिंग चैंपियनशिप में नारनौल में कार्यरत डीएसपी नरेंद्र सांगवान की बेटी रीदम सांगवान ने चार गोल्ड मेडल जीतकर हरियाणा ही नहीं, अपितु देश का नाम रोशन किया है। इतना ही नहीं, दो प्रतियोगिता में तो रीदम ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सर्वाधिक अंक प्राप्त करने के रिकॉर्ड भी बनाए हैं। सत्रह वर्षीय रीदम सांगवान इस समय फरीदाबाद के डीपीएस स्कूल में 12वीं कक्षा की छात्रा है। अमेरिका में आयोजित इस प्रतियोगिता में रीदम सांगवान गर्ल्स एवं ब्वॉयज की स्टैंडर्ड शूटिंग प्रतियोगिता में सर्वाधिक अंक लेकर विश्व में प्रथम स्थान पर रही हैं। डीएसपी नरेंद्र सांगवान ने बताया कि रीदम ने 25 मीटर की स्टैंडर्ड पिस्टल, 25 मीटर रैपिड मिक्स, 10 मीटर की एयर पिस्टल टीम तथा 25 स्पोर्ट्स पिस्टल टीम में गोल्ड मेडल हासिल किए हैं।
यह भी पढ़ें-
हरियाणा में डेंगू का डंक: मिल रहे रोजाना 87 मरीज, 13 दिन में ही 1141 चपेट में, पंचकूला, सिरसा, फरीदबाद, गुरुग्राम और नूंह बने हॉटस्पॉट
माता-पिता और कोच को दिया सफलता का श्रेय
नरेंद्र सांगवान ने बताया कि एयर पिस्टल कैटेगरी में 600 में से 577 अंक लेकर रीदम सर्वाधिक अंक लेने वाली भारत की पहली खिलाड़ी बन गई हैं। इसी प्रकार स्टैंडर्ड पिस्टल प्रतियोगिता में 600 में से 573 अंक प्राप्त किए हैं। इस प्रतियोगिता में रीदम ने गर्ल्स एवं ब्वॉयज दोनों में विश्व में सर्वाधिक अंक प्राप्त किए हैं। रीदम ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के साथ कोच विनीत कुमार को भी दिया है। उन्होंने बताया कि पिता व माता न केवल उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं बल्कि खेलों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करते हैं। रीदम के अनुसार माता-पिता द्वारा की गई हौसलाअफजाई का ही परिणाम है कि आज उन्होंने विश्व स्तरीय इस प्रतियोगिता में 4 गोल्ड मेडल प्राप्त किए हैं। रीदम की इस उपलब्धि पर नारनौल मार्केट कमेटी के निवर्तमान चेयरमैन जेपी सैनी सहित अनेक लोगों ने डीएसपी नरेंद्र सांगवान को बधाई दी है।