संवाद न्यूज एजेंसी
नारनौल। स्थानीय नई अनाज मंडी में गाड़ी सवार दो लोगों ने सामान लेकर भागने की कोशिश की लेकिन दुकानदारों ने एक व्यक्ति को पकड़क उसे पुलिस के हवाले कर दिया। गाड़ी सवारों ने करीब 45 हजार रुपये का सामान लिया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस शिकायत में मामचंद मित्तल ने बताया कि उसकी किराने की दुकान नई अनाज मंडी में है। उसकी दुकान पर करीब 10.30 बजे दो व्यक्ति गाड़ी से आए। उन्होंने चीनी, घी व काजू का भाव पूछा। उन्होंने भाव बता दिए। भाव तय करके बोले माल गाड़ी में डलवा दो। उन्होंने 2 कट्टे चीनी, 2 कट्टा मैदा, 2 टीन रिफाइंड, दो टीन डालडा घी व 2 टीन देशी घी, 2 टीन काजू और 30 किलो मोटा बेसन गाड़ी में डलवा दिया। इसका बिल 45420 रुपये बना। जब उनसे रुपये मांगे तो वह बोले 30000 रुपये नकद व 15000 रुपये पेटीएम करेंगे।
बताया कि उस वक्त एक आदमी गाड़ी में चालक सीट पर बैठा था। उसने दूसरे व्यक्ति से बार-बार रुपये मांगे तो उस व्यक्ति ने कहा कि गाड़ी में हवा कम है और रुपये के लिए वह यहीं है। ये हवा भरवाने जा रहे हैं। अभी आ जाएंगे और हमें कुछ सामान ओर लेना है। गाड़ी जाने के बाद वह व्यक्ति भी भागने की कोशिश करने लगा।
यह देख दुकानदार ने शोर मचाया तो उसके पड़ोसी दुकानदार ने पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने दुकानदार की शिकायत पर मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।