महेंद्रगढ़ बस स्टैंड पर महेंद्रगढ़ से कुंड़ तक चलाई गई बस के चालक व परिचालक को माला पहनाकर स्वाग?
- फोटो : Narnol
महेंद्रगढ़ बस स्टैंड से ग्रामीण रूटों पर मिनी बस सेवा शुरू होने से चार विधानसभा क्षेत्रों के करीब 50 गांवों को अब राज्य परिवहन सेवा का लाभ मिलेगा। सोमवार को महेंद्रगढ़ बस स्टैंड पर चालक अभय सिंह, परिचालक रामबीर तथा अड्डा इंचार्ज सुरेश कुमार का सामाजिक संगठनों के लोगों ने फूलमालाओं से स्वागत कर बस को रवाना किया। यह बस प्रतिदिन महेंद्रगढ़ बस स्टैंड से 12.30 बजे चलकर शहर के मसानी चौक पर 15 मिनट के ठहराव के बाद डुलाना, मेघनवास चौक, बवानियां, सुंदर, भोजावास, गोमला, गोमली, ऊंचा-नीचा, नांगल मोहनपुर, भैरूका बास, कुंड होते हुए अटेली से नारनौल डिपो पहुंचेगी। शाम में करीब 3.30 बजे नारनौल डिपो पहुंचेगी। इसके उपरांत चार बजे नारनौल से वापस महेंद्रगढ़ बस स्टैंड पर ठहराव करेगी।
इन गांवों में पिछले लंबे समय से दोपहर के समय एक बस सेवा शुरू करने की मांग भी लगातार ग्राम पंचायतों व सामाजिक संगठनों के साथ-साथ विद्यार्थियों द्वारा भी उठाई जा रही थी। अब बस सेवा शुरू होने से चार विधानसभा क्षेत्र 50 गांवों के लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
सामाजिक संगठन उठा रहे थे मांग
समाजसेवी रामनिवास पटोदा ने बताया कि 12 नवंबर 2021 को प्रदेश के परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा व पूर्व शिक्षामंत्री को ज्ञापन सौंपकर बस सेवा शुरू कराने की मांग की थी। क्षेत्र के सामाजिक संगठनों व ग्राम पंचायतों ने महाप्रबंधक नवीन शर्मा, डीआई विक्रम सिंह व महेंद्रगढ़ बस स्टैंड इंचार्ज सुरेश कुमार का आभार प्रकट किया है।
छात्राओं को कॉलेज जाने-आने में होगी आसानी
मिनी बस सेवा शुरू होने से इसका सबसे अधिक लाभ छात्राओं को मिलेगा। इससे पूर्व महेंद्रगढ़ बस स्टैंड से इन गांवों के लिए दोपहर के समय बस सेवा नहीं होने से प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में शहर के शिक्षण संस्थानों में आने वाली छात्राओं को परेशानी होती थी। यह बस सेवा विधानसभा क्षेत्र महेंद्रगढ़, अटेली, कोसली, बावल के 50 गांवों के लोगों को लाभ मिलेगा। क्योंकि इस रूट पर यातायात के कोई साधन नहीं चलते हैं। पाटोदा ने बताया कि पिछले 15 साल से एक बस महेंद्रगढ़ बस स्टैंड से सुबह 5:50 बजे पर चलकर इस रूट से गुरुग्राम के लिए आवागमन करती थी, लेकिन यह सेवा काफी दिनों से बंद है। यह बस सेवा पुन: शुरू की जाए जिससे क्षेत्र के लोगों को रेवाड़ी, गुरुग्राम, धारूहेड़ा, दिल्ली के लिए सुगमता रहे।
लंबे समय से दोपहर के समय इन रूटों पर बस सेवा शुरू कराने की मांग उठाई जा रही थी। जीएम नवीन कुमार भारद्वाज के आदेशों पर सोमवार से बस सेवा शुरू कर दी गई है। इसका सबसे अधिक लाभ विशेषकर विद्यार्थियों को मिलेगा। सुरेश कुमार, बस स्टैंड इंचार्ज