सतनाली। कस्बे के रेलवे स्टेशन लाइन पार क्षेत्र के निवासियों ने पेयजल समस्या को लेकर रोष प्रदर्शन किया तथा विभाग के विरुद्ध नारेबाजी की।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने बताया कि उनके घरों में बोर संख्या 8 से पेयजल आपूर्ति की जाती है। लेकिन पिछले करीब एक सप्ताह से भी अधिक समय से उनके घरों में पेयजल आपूर्ति नहीं हो पा रही है। विभागीय अधिकारियों को कई बार अवगत करवाया जा चुका है, लेकिन अधिकारियों की ओर से कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। पेयजल आपूर्ति न होने के कारण उनके घरों में पीने के पानी के समस्या खड़ी हो गई है। उन्हें दूरदराज के क्षेत्रों से पानी भरकर लाना पड़ रहा है। अनेक घरों में सामूहिक रूप से पानी के टैंकर डलवाने पड़ रहे है। उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग के इस बोर के बिजली कनेक्शन के तार जगह-जगह से टूटे हुए हैं तथा खुले में जमीन के ऊपर पड़े हैं। इसके कारण हादसे का भय बना रहता है तथा तार कटने के कारण आए दिन फाॅल्ट आता रहता है।
बोर की देखरेख व संचालन की जिम्मेवारी जिस कर्मचारी को सौंपी गई है वह अपनी ड्यूटी में लापरवाही बरत रहा है तथा मोटर को चलाने के लिए बनाए गए केबिन को खुला छोड़ कर चला जाता है। इसके कारण कुछ लोग सारा दिन सप्लाई का बटन चलाकर बंद नहीं करते। ऐसे में मोटर के बिजली कनेक्शन की वायर गर्म होकर जल जाती है। इस बारे तैनात कर्मचारी को भी बताया गया तथा सप्लाई के बाद मोटर केबिन को लॉक करने की बात कही लेकिन वह जानबूझकर ऐसा नहीं कर रहा है। प्रदर्शन के दौरान निवासियों ने सरपंच प्रतिनिधी धर्मबीर गोठवाल को मौके पर बुलाया तथा समस्या का समाधान करवाने की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि सोमवार तक समस्या समाधान न हुआ तथा यहां तैनात कर्मी को नहीं बदला गया तो मजबूरन वे रोड जाम के लिए मजबूर होंगे।
इस मौके पर रीना, पुष्पा, चेतना, माया, मधु, संतरा, सुमन, रतनी, बनारसी, रीना, कांता, नीलम, कविता, धर्मबीर स्वामी, अशोक स्वामी, पवन वालिया सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।
-
वर्जन:
इस बारे में संबंधित विभाग को अनेक बार अवगत करवा चुके है, लेकिन समस्या का हल नहीं हो रहा है। आचार संहिता के बाद संबंधित विभाग को दोबारा से पत्र लिखकर इस कार्य को पूरा करवाया जाएगा।
-मनीषा सरपंच, सतनाली।
वर्जन
यह मामला उनके संज्ञान में आया है तथा इस बारे में कर्मचारियों को सम्मया के समधान के निर्देश दे दिए गए हैं। यदि बिजली केबल में फाॅल्ट है तो उसे तुरंत बदल कर नई केबल डलवाई जाएगी तथा मोटर में खराबी है तो बदला जाएगा। जहां तक कर्मचारी की लापरवाही की बात है यदि ग्रामीण लिखित रूप में उन्हें शिकायत देते है तो उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
-अमित कुमार, कनिष्क अभियंता, जनस्वास्थ्य विभाग, महेंद्रगढ़।