फोटो संख्या:-70 अवार्ड दिखाते हुए डॉ. भंवर सिंह कसाना---स्रोत स्वयं
महेंद्रगढ़। आयुष कॉलेज हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर की ओर से दिल्ली के लाजपत भवन में आयोजित अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस एवं अवार्ड समारोह में महेंद्रगढ़ जिले के प्रसिद्ध प्राकृतिक चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. भंवर सिंह कसाना को राष्ट्रीय स्तर पर बेस्ट नैचुरोपैथी हीलर्स अवार्ड से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान उन्हें प्राकृतिक चिकित्सा, योग, आहार तथा औषधि-रहित उपचार पद्धतियों के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं में लंबे समय से दिए जा रहे उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान किया गया। यह कार्यक्रम गत 7 सितंबर को आयोजित हुआ था, जिसमें देशभर से प्राकृतिक और योग चिकित्सा विशेषज्ञों को सम्मानित किया गया।
डॉ. कसाना ने बताया कि हरियाणा से केवल उन्हीं का चयन इस सम्मान के लिए हुआ। वे पिछले 15 वर्षों से स्वामी ब्रह्मानंद योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा ट्रस्ट, बुचोली रोड, महेंद्रगढ़ में बतौर मुख्य चिकित्सा प्रभारी सेवाएं दे रहे हैं। इस दौरान उन्होंने हजारों मरीजों का पंचतत्व, योग, आहार और अन्य औषधि-रहित चिकित्सा पद्धतियों से उपचार किया है। उन्होंने समय-समय पर स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में योग व प्राकृतिक चिकित्सा प्रशिक्षण शिविर भी आयोजित करते हैं, ताकि विद्यार्थियों को इस चिकित्सा पद्धति की बारीकियों से अवगत कराया जा सके।