फोटो संख्या:53 यादव धर्मशाला में बैठक करते जिला कांग्रेस अध्यक्ष सत्यवीर झूकिया व कार्यकर्ता--स
महेंद्रगढ़। हरियाणा पहले से जल संकट का सामना कर रहा है और ऐसे में प्रदेश के हिस्से का पानी दूसरे राज्य को देना हरियाणा के हितों के खिलाफ है। यदि सरकार इस प्रस्ताव को शीघ्र रद्द नहीं करती है तो कांग्रेस प्रदेशभर में जनआंदोलन शुरू करेगी। यह बात जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सत्यवीर यादव झूकिया ने यादव धर्मशाला में आयोजित खंड स्तरीय बैठक के दौरान कही।
उन्होंने हाल ही में हुए नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को सरकार की बड़ी विफलता बताया। उन्होंने कहा कि बार-बार होने वाले पेपर लीक से युवाओं और विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। मेहनत करने वाले छात्रों का मनोबल टूट रहा है और कई विद्यार्थी मानसिक तनाव का सामना कर रहे हैं। कांग्रेस ने मांग की कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए स्थायी व्यवस्था बनाई जाए।
बैठक में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने पर भी चर्चा हुई। सत्यवीर यादव ने बताया कि पार्टी एक से छह जुलाई तक खंड स्तरीय, छह से दस जुलाई तक जिला स्तरीय और 11 से 15 जुलाई तक राज्य स्तरीय बैठकों का आयोजन करेगी। इन बैठकों में कार्यकारिणी के विस्तार और पदाधिकारियों की जिम्मेदारियां तय की जाएंगी।
जिला उपाध्यक्ष डॉ. तरुण और खंड अध्यक्ष तेजपाल प्रजापति मालडा ने कहा कि कांग्रेस बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत कर जनता के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने का काम करेगी। बैठक में जिला सचिव जितेंद्र, प्रदीप अनावास, गोविंद प्रजापति, संदीप झुक, नरेश सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।