फोटो 06 अमृत सरोवरों का उद्घाटन करते विधायक ओमप्रकाश यादव। स्रोत: विभाग
नारनौल। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को नारायणगढ़ की नई अनाज मंडी से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रदेश में 114 करोड़ रुपये की सात विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया। इनमें जिले के पांच अमृत सरोवरों का उद्घाटन भी शामिल रहा।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव मौजूद रहीं, जबकि स्थानीय स्तर पर पंचायत भवन में विधायक ओमप्रकाश यादव और महेंद्रगढ़ के विधायक कंवर सिंह यादव ने परियोजनाओं का शुभारंभ किया।
यह कार्यक्रम स्वस्थ हरियाणा, समृद्ध हरियाणा अभियान के तहत आयोजित किया गया। इस दौरान विधायक ओमप्रकाश यादव ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार प्रदेश में मजबूत आधारभूत सुविधाएं विकसित करने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का लक्ष्य सभी गांवों के जोहड़ों का कायाकल्प कर उन्हें स्वच्छ और उपयोगी बनाना है।
मुख्यमंत्री ने जिले के पांच अमृत सरोवरों का उद्घाटन किया। इनमें गणियार स्थित हनुमान मंदिर परिसर में 1.82 करोड़ रुपये की लागत से बना अमृत सरोवर, धनौंदा के खांडरी वाला में 47.84 लाख रुपये, खातौली जाट के बाबा वाला में 59.01 लाख रुपये, उमराबाद के बास किरारोद में 72.41 लाख रुपये और जड़वा की ढाणी में 53.71 लाख रुपये की लागत से तैयार अमृत सरोवर शामिल हैं।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 33.78 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 70 एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस सेवाओं को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये एम्बुलेंस आधुनिक जीवन रक्षक उपकरणों से लैस हैं। साथ ही राजकीय स्कूलों में बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य परामर्श की शुरुआत की गई।