फोटो 8अधिकारियों की बैठक लेते सीटीएम डॉ. मंगल सेन।स्रोत डीआईपीआरओ
नारनौल। कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग की ओर से जिला युवा महोत्सव-2025 का आयोजन 29 व 30 अक्तूबर को किया जाएगा। महोत्सव की तैयारियों को लेकर सोमवार को नगराधीश डॉ. मंगलसेन ने लघु सचिवालय में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक ली।
नगराधीश ने बताया कि इस युवा महोत्सव का मुख्य उद्देश्य स्वामी विवेकानंद की जयंती पर 12 जनवरी से शुरू होने वाले राष्ट्रीय युवा सप्ताह की तर्ज पर युवाओं को एक मंच प्रदान कर उनके बीच राष्ट्रीय एकता, सामुदायिक सौहार्द, भाईचारा, साहस और रोमांच की भावना को प्रोत्साहित करना है।
इस वर्ष जिला और राज्य स्तरीय युवा महोत्सव विकसित भारत सांस्कृतिक एवं नवाचार ट्रैक की थीम पर आयोजित किया जाएगा। इसमें साइंस मेला भी शामिल होगा। उन्होंने बताया कि जिला युवा महोत्सव का आयोजन दो चरणों में प्रस्तावित है। गुरुग्राम मंडल के सभी जिलों में यह 29 और 30 अक्तूबर को होगा।
इस महोत्सव में जिले के सभी शिक्षण संस्थानों के साथ-साथ गांवों के 15 से 29 वर्ष की आयु के युवा भाग ले सकते हैं, जिनकी आयु एक सितंबर को इस सीमा में होनी चाहिए। सभी प्रतिभागियों का मेरा युवा भारत पोर्टल पर पंजीकरण करवाना अनिवार्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि एक प्रतिभागी केवल एक ही प्रतियोगिता श्रेणी में भाग ले सकता है।
उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले चयनित प्रतिभागी राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में भाग लेंगे। जिला स्तरीय युवा महोत्सव में विजेताओं को योग्यता प्रमाण-पत्र के साथ प्रथम पुरस्कार के रूप में 3100 रुपये, द्वितीय पुरस्कार के तौर पर 2100 तथा तृतीय पुरस्कार 1100 रुपये दिया जाएगा।