नारनौल। जिला पुलिस ने पिछले दो दिनों में विभिन्न थानों में दर्ज मामलों में कुल 30 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह गिरफ्तारियां पुलिस अधीक्षक दीपक के निर्देश पर जिले के विभिन्न थानों की पुलिस टीमों की ओर से की गई हैं।
यह आरोपी मादक पदार्थ अधिनियम, दंगा फसाद करने, मारपीट कर गंभीर चोट पहुंचाने, आपराधिक अतिचार, आपराधिक धमकी देने, लापरवाही से वाहन चलाने और अदालत में गैर-हाजिर रहने जैसे विभिन्न मामलों में संलिप्त थे।
एसपी ने सभी पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट किया है कि किसी भी आपराधिक मामले को बेवजह लंबित न रखा जाए। सभी अधिकारी नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए दर्ज मामलों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निपटारा करना सुनिश्चित करें, ताकि अपराधियों को जल्द से जल्द सजा दिलाई जा सके और जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनी रहे।