फोटो संख्या:71- कनीना में गंदा पेयजल सप्लाई होने के बाद बोतल में भरा गंदा पानी--संवाद
कनीना। कस्बे में वार्डों में पिछले करीब एक माह से गंदे पानी की सप्लाई होने से आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विभाग के अधिकारियों को बार-बार अवगत करवाने के बाद भी कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
कस्बावासी राजेंद्र सिंह, रतन सिंह, अजय कुमार, महावीर सिंह, दीनदयाल सहित अनेक कस्बा वासियों ने बताया कि विभाग की तरफ से कस्बे के वार्डों में करीब एक माह से गंदे पानी की सप्लाई दी जा रही है। गंदा पानी आने की वजह से अधिकतर लोग पीने व अपने घरेलू कार्य के लिए इस्तेमाल होने वाले पानी की पूर्ति के लिए पानी के टैंकर मंगवाकर अपना काम चला रहे है। लोगों ने बताया कि पानी से उठने वाली दुर्गंध की वजह से यह पानी अन्य कार्यों में भी उपयोग नहीं किया जा सकता है। जल्द ही प्रशासन द्वारा इस समस्या को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए तो मजबूरी वश कस्बे के लोगों को सड़कों पर उतना पड़ेगा।
यह मामला मेरे संज्ञान में अभी आया है। संबंधित अधिकारी व कर्मचारी की जिम्मेदारी तय कर शीघ्रता से इस समस्या का समाधान किया जाएगा। लोगों को शुद्ध पेयजल आपूर्ति करने में कोई कर्मचारी लापरवाही कर रहा है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
राजीव, उपमंडल अधिकारी, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, कनीना