फोटो 13आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण करते राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग के स्पेशल मॉनिटर बालकृष्ण
- फोटो : कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन करते शिक्षक।
नारनौल। राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग के स्पेशल मॉनिटर बालकृष्ण गोयल ने सोमवार को जिला के विभिन्न विभागों का औचक निरीक्षण किया। सबसे पहले उन्होंने बावड़ीपुर मोहल्ले स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का दौरा किया, जहां बच्चों की हाजिरी देखी और खाने की सामग्री खुद चखकर जांची। पोषण ट्रैकर पर दर्ज आंकड़ों की पुष्टि के लिए बच्चों का वजन व लंबाई का मिलान भी किया। उन्होंने निर्देश दिए कि बच्चों को घर का पता, माता-पिता का नंबर याद कराया जाए और गुड टच-बैड टच की जानकारी देकर जागरूक किया जाए।
इसके बाद गोयल ने पीएम श्री गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल नारनौल का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने छात्राओं से संवाद करते हुए संविधान द्वारा दिए गए मूल अधिकारों पर चर्चा की और उन्हें जागरूक रहने को कहा। शिकायत पेटी की भी जांच की और छात्राओं से किसी भी उल्लंघन पर तुरंत शिकायत करने का आह्वान किया।
अंत में उन्होंने खड़खड़ी मोहल्ले के राशन डिपो का निरीक्षण किया और राशनकार्ड धारकों से बातचीत कर उन्हें मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी अमित शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी सुनील दत्त यादव, एएफएसओ अरुण सैनी और सीडीपीओ कमलेश सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।