संवाद न्यूज एजेंसी
नारनौल। शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन रविवार को लोगों ने मां शैलपुत्री की आराधना करते हुए अपने घरों में घट स्थापना कर पूजा-अर्चना की। वहीं नवरात्रों को लेकर शहर के प्राचीन मां चामुंडा देवी मंदिर व मां नैना फतेह देवी मंदिर में भी माता के दर्शन करने वाले भक्तों की भीड़ लगी रही। माता रानी का भव्य शृंगार किया गया था, जो भक्तों के विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।
टाइगर क्लब परिवार की ओर से आयोजित 20वें विशाल दुर्गा पूजा महोत्सव का शुभारंभ किया गया। टाइगर क्लब परिवार के कार्यक्रम संयोजक नरेंद्र बंसी ने बताया कि 20 वें विशाल दुर्गा पूजा महोत्सव के प्रथम दिन मां चामुंडा देवी मंदिर से कलश यात्रा निकाल कर की गई। 2121 महिलाओं ने चामुंडा देवी मंदिर से पुरानी कचहरी मैदान तक कलश यात्रा निकाली।
सर्वप्रथम कार्यक्रम पुरोहित पंडित नारायण शास्त्री व आचार्य गगन भारद्वाज ने दुर्गा पूजा महोत्सव के मुख्य यजमान भगवत स्वरूप गोस्वामी व शशिबाला एवं यजमान राजेश लखेरा, जयप्रकाश अग्रवाल, कैलाश नंबरदार, राजेश सैनी, राकेश यादव, सुरेन्द्र सैनी, सुरेंद्र यादव, अमित कुमार, नरेंद्र कौशिक तथा कमल सोनी आदि सभी यजमानों से माता रानी का विधिविधान से पूजन करवाया। इसके बाद मुख्यातिथि रविंद्र सिंह मटरू व सुशीला सैनी ने माता की ध्वजा फहराकर कलश यात्रा को रवाना किया।
कलश यात्रा में बैंडबाजे व सुंदर सुंदर झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। इस मौके पर क्लब के मुख्य संरक्षक राकेश यादव व प्रधान डाॅ. शिवकुमार ने बताया कि नौ दिन तक चलने वाले इस माता रानी के आयोजन में कलाकारों द्वारा माता रानी का गुणगान किया जाएगा।