फोटो नंबर- 23लॉजिस्टीक हब। फाइल फोटो
नारनौल। नांगल चौधरी हलके के गांव तलोट, बसीरपुर और घाटाशेर में करीब 1200 एकड़ जमीन पर मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक हब बनाया जा रहा है। लॉजिस्टिक हब के निर्माण के बाद बड़ी औद्योगिक इकाइयां यहां स्थापित होंगी। ऐसे में युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
साथ ही जिले के युवाओं को अपने गृह क्षेत्र में रोजगार के अवसर मिल सकेंगे। इस लॉजिस्टिक हब के लिए रेल कॉरिडोर का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। लॉजिस्टिक हब से माल को हरियाणा, राजस्थान, पंजाब, हिमाचल व जम्मू कश्मीर के शहरों में भेजा जाएगा। इस हब में बड़े-बड़े वेयर हाउस बनेंगे। अनुमान लगाया जा रहा है कि इससे कई हजार लोगों को रोजगार भी मिलेगा।
वहीं नांगल चौधरी में नया रोडवेज बस स्टैंड बनकर तैयार हो चुका है। अब वह उद्घाटन का इंतजार कर रहा है। ऐसे में उम्मीद है कि वर्ष 2025 में इसे शुरू कर दिया जाएगा। पहले नांगल चौधरी पंचायत के अधीन छोटा कस्बा था। इसके बाद धीरे-धीरे शहर का विस्तार होने से नांगल चौधरी को तहसील व नगर पालिका का दर्जा मिला। इसकी वजह से शहर में लोगों का आवागमन बढ़ता चला गया। बता दें कि 28 मई 2015 को नांगल चौधरी में रैली आयोजित की गई थी, जिसमें तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर ने बस स्टैंड बनाने की घोषणा की थी।
अब यह बस स्टैंड बनकर तैयार हो चुका है। इसकी वजह से यात्रियों को बस पकड़ने के लिए परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
इसके साथ नांगल चौधरी में ही दमकल केंद्र भी बनाया जा रहा है, इसका भी भवन बनकर तैयार हो चुका है। अब यह भी जल्द शुरू होने की उम्मीद है।