पूर्व नगर पार्षद धापली देवी व उसके बेटे पर घर मे घुसकर हमला करने के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बुधवार को लोगों ने प्रदर्शन कर पुलिस अधीक्षक के नाम का उपाधीक्षक नरेंद्र सांगवान को ज्ञापन सौंपा। इससे पूर्व महावीर चौक पर आरोपी नगर परिषद की निवर्तमान चेयरपर्सन के पति व भाजपा नेता संजय सैनी का पुतला भी फूंका गया।
गौरतलब है कि पूर्व पार्षद धापली देवी की शिकायत पर थाना शहर पुलिस ने 7 फरवरी को नगर परिषद की निवर्तमान चेयरपर्सन भारती सैनी समेत उनके 5 परिजनों पर विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया था। शिकायत में धापली देवी ने कहा था कि उनके पास शहर में 3 बीघा जमीन के अलावा काफी जायदाद है। इस जमीन को भारती सैनी और उसका परिवार उनकी पुत्रवधू योगिता के जरिए हड़पना चाहता है। 23 जनवरी की रात 10 बजे भारती सैनी और उसका पति संजय सैनी उनके घर में घुसे और फिर उनकी पुत्रवधू योगिता के साथ मिलकर उसके बेटे विक्रम को बुरी तरह पीटा और उनके साथ भी मारपीट की। धापली देवी ने ज्ञापन में आरोप लगाया कि आरोपी अब भी उसे धमका रहे हैं कि मुकदमा दर्ज होने से उन्हें कोई फर्क नही पड़ता है। इसलिए उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए। प्रदर्शनकारियों ने निवर्तमान चेयरमैन भारती सैनी के पति संजय सैनी का पुतला महावीर चौक पर फूंक कर अपना रोष प्रकट किया।