महेंद्रगढ़। कई गांवों के ग्रामीणों ने बुचावास बिजली निगम कार्यालय को महेंद्रगढ़ स्थानांतरित कराने की मांग को लेकर बिजली मंत्री के नाम उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन की एक-एक प्रति एमडी दक्षिण हरियाणा, चीफ इंजीनियर दिल्ली को भी भेजी गई है।
समाजसेवी रामनिवास पाटोदा के नेतृत्व में सौंपे ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि गांव बुचावास में सब डिविजन कार्यालय की स्थापना जून 2021 में की गई थी। इस दौरान कनीना व महेंद्रगढ़ सब डिविजन के 12 तथा कनीना डिविजन के 11 गांवों को जोड़ा गया था। वहीं अब बुचावास की धर्मशाला में मरम्मत कार्य के चलते कार्यालय को खाली करना भी निगम की मजबूरी हो गई।
महेंद्रगढ़ डिविजन के गांव डुलाना, चितलांग, बुचौली, मेघनवास, देवास, सुरजनवास, नांगल हरनाथ, गागड़वास, बचीनी, खेड़ा, बवानियां व सुंदरह के ग्रामीणों ने ज्ञापन के माध्यम से बुचावास कार्यालय को महेंद्रगढ़ स्थानांतरित करने की मांग उठाई है। ग्रामीणों ने बताया कि आधे से अधिक समय अधिकारी एवं जिम्मेदार महेंद्रगढ़ कार्यालय में रहते हैं जिससे लोगों को बिजली संबंधित समस्याओं को लेकर दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर होना पड़ रहा है। इस समय रेलवे स्टेशन के नजदीक पुराना बिजली निगम कार्यालय एवं राव तुलाराम चौक के नजदीक एक्सईएन कार्यालय खाली पड़े हैं। इनके भवन देखरेख के अभाव में भी जर्जर हो रहे हैं। ऐसे में बुचावास कार्यालय को यहां स्थापित कर दिया जाए तो लोगों को आवागमन में भी परेशानी नहीं होगी। साथ ही ये भवन भी उपयोग में आ सकेंगे। इस अवसर पर राम सिंह, राजेंद्र, जितेंद्र, मुकेश, दीपक, रविंद्र, अशोक, अजीत, हरि सिंह, लालचंद, सुखबीर आदि उपस्थित रहे।