कनीना। क्षेत्र में 58 एकड़ भूमि के उपयोग को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। समाजसेवी हरेंद्र शर्मा व नागरिकों ने स्वास्थ्यमंत्री आरती सिंह राव को ज्ञापन सौंपकर भूमि को दोबारा नगर पालिका कनीना के अधीन करने और डीएवी प्रबंधन को दी गई लीज को निरस्त करने की मांग की है।
नागरिकों ने सुझाव दिया कि उक्त भूमि का उपयोग जनहित के कार्यों के लिए किया जाए, जिसमें सिटी पुलिस स्टेशन, पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस, कैनाल रेस्ट हाउस, फॉरेस्ट रेस्ट हाउस, बाल भवन व पार्क जैसी सुविधाएं विकसित की जा सकती हैं।
इससे क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी और आम जनता को लाभ मिलेगा। लोगों ने आरोप लगाया कि वर्तमान में इस परिसर में आम लोगों के प्रवेश पर रोक लगी हुई है।
यहां तक कि व्यायाम के लिए आने वाले लोगों को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जाती। परिसर में असामाजिक तत्वों द्वारा नशाखोरी किए जाने की शिकायतें भी सामने आई हैं, जिस पर कोई प्रभावी नियंत्रण नहीं है। हरेंद्र शर्मा ने कहा कि यह भूमि जनता के हित के लिए उपयोग में लाई जानी चाहिए।
उन्होंने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि 30 दिनों के भीतर उचित कदम नहीं उठाए गए तो नागरिक आंदोलन करने को मजबूर होंगे। इस अवसर पर हरेंद्र शर्मा सहित अनेक नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने समस्या के समाधान के लिए प्रशासन से गंभीरता से विचार करने की अपील की।