महेंद्रगढ़। क्षेत्र के राशन डिपो होल्डरों ने समस्या को लेकर मंगलवार को खाद्य आपूर्ति अधिकारी पुरुषोत्तम कुमार को एक लिखित ज्ञापन सौंपा है। राशन डिपो धारकों ने ज्ञापन के माध्यम से अपनी कई समस्याओं से अवगत कराते हुए समाधान की मांग उठाई। राशन वितरण से लेकर पीओएस मशीनों की तकनीकी खामियों के कारण होने वाली परेशानी से अवगत कराया।
राशन डिपो होल्डर एसोसिएशन के प्रधान महावीर सिंह ने बताया कि पीओएस मशीन में तीन बार अंगूठा लगने से राशन निकलता है। इससे राशन बांटने में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। इसके अलावा तीन बार अंगूठा लगाने से राशन बांटते समय कार्ड धारकों की लंबी लाइन लग जाती हैं।
एक अंगूठा लगने में करीब 10 मिनट का समय लग रहा है। मशीन में समय लगने के कारण अक्सर कार्ड धारकों के साथ आए दिन लड़ाई–झगड़े होते रहते हैं। मशीन में एक अंगूठे में सभी आइटम वितरण करने का समाधान किया जाए।
पीओएस मशीन बहुत पुरानी होने के कारण आए दिन कोई न कोई परेशानी रहती है। मशीन की बैटरी की उम्र भी खत्म हो गई है इसलिए इन मशीनों में बैटरी व अन्य कमियां सॉफ्टवेयर संबंधित कमियां दूर की जाएं। पीओएस मशीन में 3.2 वर्जन सही से काम नहीं कर रहा है, इसका समाधान किया जाए।
सर्वर की समस्या बहुत बड़ी दिक्कत है, इसके बारे में भी कोई स्थाई समाधान निकाला जाए। पीओएस मशीन का चार्जर बदलने के लिए 900 रुपये देने पड़ते हैं, जो सही नहीं है। चार्जर बिना पैसे के बदलवाया जाए। पीओएस मशीन का सिम कार्ड सभी मशीनों का खराब हो चुका है, सिम कार्ड बदलवाया जाए।
डिपो होल्डरों ने एफएसओ से समस्या का तुरंत प्रभाव से समाधान करने की मांग की है। इस मौके पर इंस्पेक्टर सतबीर सिंह, इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार, डिपो होल्डर महावीर सिंह, झलक नारायण, महेंद्र कुमार, अनूप, नीरज, नवीन, अतर सिंह, शक्ति सिंह व मदनलाल उपस्थित रहे।