-रेल सुविधाओं के विस्तार के लिए पांच सूत्रीय मांग पत्र सौंपा, स्टेशन परिसर में किया पौधरोपण
फोटो-08
संवाद न्यूज एजेंसी
नारनौल। दैनिक रेलयात्री जागरूक मंच नारनौल-अटेली-निजामपुर और राष्ट्रीय सैनी सभा हरियाणा ने क्षेत्र की रेल समस्याओं के समाधान और सुविधाओं के विस्तार की मांग उठाई। सोमवार को सदस्यों ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के नाम पांच सूत्रीय मांग पत्र स्टेशन अधीक्षक महावीर प्रसाद को सौंपा।
मंच ने अहमदाबाद-दिल्ली जनता जयंती एक्सप्रेस को ब्रॉड गेज पर दोबारा शुरू करने उदयपुर सिटी-दिल्ली सराय रोहिल्ला को प्रतिदिन नियमित नंबर से चलाने और ट्रेन हरिद्वार-वेरावल सुपरफास्ट को नियमित करने की मांग की।
इसके अलावा रींगस-नारनौल के रास्ते माता वैष्णो देवी कटरा के लिए दैनिक सुपरफास्ट ट्रेन और नारनौल से दिल्ली के बिजवासन तक डेमू पैसेंजर ट्रेन शुरू करने की मांग भी रखी।
मंच अध्यक्ष अशोक कटारिया ने कहा कि जनता जयंती एक्सप्रेस गरीब और मध्यम वर्ग के यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण थी। इसे दोबारा शुरू करने से अहमदाबाद-दिल्ली रेल संपर्क मजबूत होगा।
नारनौल, अटेली और कुंड से बड़ी संख्या में लोग दिल्ली जाते हैं, इसलिए बिजवासन तक डेमू ट्रेन चलाना जरूरी है। राष्ट्रीय सैनी सभा हरियाणा के जिला अध्यक्ष संजय सैनी ने उदयपुर-दिल्ली ट्रेन को नियमित करने की मांग की।
रेल सुविधाओं की मांग के साथ सदस्यों ने रेलवे स्टेशन परिसर स्थित पार्क में पौधे लगाए। पौधों को आवारा पशुओं से बचाने के लिए उनके चारों ओर जालियां भी लगाई गईं। सदस्यों ने पौधों की नियमित देखभाल करने और पार्क को हरा-भरा बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर सचिव मनीष कोली, डॉ. राजेंद्र सैनी, जीतू कोली, जतिन जांगिड़, सतीश सैनी, पवन कुमार, संदीप शर्मा, विष्णु सैनी, वेद प्रकाश, कुसुम यादव, खुबाराम, राकेश कुमार, सुरेश गुप्ता और राजू सोनी सहित अनेक सदस्य मौजूद रहे।