फोटो संख्या:67- सब्जी मंडी में दुकान में केले खरीदता ग्राहक-- संवाद
महेंद्रगढ़। शहर में इन दिनों केले की मांग लगातार बढ़ रही है। गर्मी के मौसम और धार्मिक आयोजनों के चलते फल बाजार में केले की बिक्री में अच्छा उछाल देखने को मिल रहा है। शहर में रोज करीब 60 क्विंटल केले की खपत हो रही है।
दुकानदार रमेश सैनी, निशु सैनी ने बताया कि सब्जी मंडी में इन दिनों केले की आपूर्ति मुख्य रूप से राजस्थान के चोमू, कोटपुतली और बहरोड़ से हो रही है। प्रतिदिन ट्रकों के माध्यम से केला मंडी में पहुंचता है जहां से इसे शहर और आसपास के गांवों के खुदरा विक्रेताओं तक भेजा जाता है।
बाजार में केले 60 से 70 रुपये प्रति दर्जन की दर से बिक रहे हैं। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों से केले का कारोबार अच्छा हो रहा है। केला ऐसा फल है जिसकी मांग पूरे वर्ष बनी रहती है, लेकिन गर्मी के मौसम में इसकी बिक्री और अधिक बढ़ रही है।
लोग इसे पौष्टिक और आसानी से पचने वाला फल मानते हैं। इसके अलावा धार्मिक पूजा-पाठ, व्रत और विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों में भी केले का विशेष उपयोग होने से इसकी मांग लगातार बनी रहती है। शहर के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग केले की खरीदारी के लिए महेंद्रगढ़ मंडी पहुंच रहे हैं।