नारनौल। स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के तहत के तहत शहर से जुड़े नौ गांवों में एक-एक डीलक्स शौचालय बनाए जाएंगे। इसमें कमोड वेस्टर्न और समान्य सीट की सुविधा रहेगी। इन शौचालयों पर लगभग एक करोड़ रुपये खर्च होंगे। नगर परिषद ने इनका प्रस्ताव बना कर केंद्र सरकार को भेज दिया है। जल्द ही इसकी मंजूरी मिलने की उम्मीद है।
मेट्रो सिटी की तर्ज पर नगर परिषद की ओर से डीलक्स शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। नगर परिषद ने इसके लिए सारी तैयारी भी पूरी कर ली है। शौचालय के बनावट के हिसाब से उस पर लागत भी तय कर दिया गया है। अर्थात जितने सीट का शौचालय उतना अधिक लागत लगाकर उसे मॉडल स्वरूप दिया जाएगा। डीलक्स शौचालय में जहां 24 घंटे बिजली की व्यवस्था रहेगी वहीं पानी भी 24 घंटे आपूर्ति होगी। शौचालय में पानी के साथ साथ वाश बेसिन की व्यवस्था रहेगी। इतना ही नहीं पानी के साथ-साथ सेनेटरी नैपकिन, तौलिया की भी व्यवस्था की जाएगी।
डीलक्स शौचालय में चार सीटें तथा तीन यूरिनल सीटें होंगी। इनमें एक वेस्टर्न सीट भी होगी। इसके अलावा दिव्यांग के लिए भी अलग से सीट होगी। सीट के आसपास पकड़ने के लिए रेलिंग की व्यवस्था होगी ताकि संबंधित को सुविधा हो। शौचालय में चढ़ने एवं उतनेे के लिए रैंप की सुविधा रहेगी और उसके आगे स्टील की रैलिंग लगेगी। हाथ साफ करने के लिए वाश बेसिन की सुविधा रहेंगी। संवाद
-
यहां बनेंगे डीलक्स शौचालय
गांव नसीबपुर, मांदी, ढाणी किरारोद अफगान, नूनी, शेखपुरा, पटिकरा, नीरपुर, कुतबापुर, कोजिंदा गांवों को कुछ समय पूर्व शहर से जोड़ा गया है। अब ये गांव न रहकर वार्ड में तबदील हो गए हैं। इन वार्डों में एक-एक डीलक्स शौचालय बनाया जाएगा। एक शौचालय पर लगभग 11.05 लाख रुपये खर्च होंगे। नगर परिषद की ओर से कुल 99.45 लाख रुपये का इस्टीमेट बनाकर केंद्र सरकार को भेजा है। यह बजट स्वच्छ भारत मिशन के तहत पास होगा। नगर परिषद ईओ सुमन लता ने कहा कि शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाने के लिए और शौच के लिए लोगों को होने वाली परेशानी को देखते हुए शहर के सभी सार्वजनिक शौचालय को डीलक्स शौचालय का रूप दिया जाएगा।
-
डीलक्स शौचालय में बेहतर सुविधा होगी। लोगों को इसके अंदर आते ही इसकी बेहतर व्यवस्था की अनुभूति होगी। शौचालय के रखरखाव के लिए जिन्हें निविदा हासिल होगा उन्हें ही इसकी बेहतर व्यवस्था को बरकरार रखने की जिम्मेदारी दी जाएगी।- मनोज कुमार, एसडीएम