नांगल चौधरी। कस्बे से गांव नौलायजा को जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर गहरे गड्ढों और खुले सीवर मैनहोल ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। यह सड़क अब ग्रामीणों के लिए मौत का कुआं साबित हो रही है, जहां हर समय किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है।
नौलायजा गांव की मुख्य सड़क पर खोदे गए गहरे गड्ढों के बीच सीवर के मैनहोल हादसे को न्योता दे रहे हैं। प्रधान सोनू तंवर, सोमदत्त जांगड़ा, प्रवीण, शंकर, उमेश, पप्पू, रणधीर का कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद न तो गड्ढों को भरा गया और न ही मैनहोलों को ढकने की कोई ठोस कार्रवाई की गई।
लगातार गंदा पानी ओवरफ्लो होकर सड़क पर फैल रहा है। इससे जहां चारों ओर दुर्गंध फैली हुई है, वहीं फिसलन के कारण दुपहिया वाहन चालकों और पैदल यात्रियों का निकलना बेहद मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत और सीवर व्यवस्था को दुरुस्त नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
बॉक्स
रोड टूटा है, मैनहोल ओवरफ्लो है। बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है। सड़क की मरम्मत और सीवर व्यवस्था को दुरुस्त नहीं किया गया तो हम आंदोलन करने को मजबूर होंगे।-प्रधान सोनू तंवर, नांगल चौधरी
बॉक्स
सड़क पर मैनहोल को टूटे तीन महीने से अधिक हो गए कोई सुनवाई नहीं है। वार्ड 5-6 के लोग 2-3 बार जाकर शिकायत कर चुके हैं। एक बार विभाग से देखने आए लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ।-रामेश्वर प्रजापति, नांगल चौधरी
बॉक्स
दो बड़े गहरे गड्ढे हादसे को न्योता दे रहे हैं। देर रात अंधेरे में किसी वाहन का टायर धंसने से कोई भी बड़ा हादसा हो सकता है। सीवर के खुले ढक्कन बंद करवाएं जाएं। -शकुंतला देवी, नांगल चौधरी
बॉक्स
तीन महीने से समस्या बनी हुई है। अधिकारियों को भी अवगत कराया गया है लेकिन अभी तक समाधान नहीं हुआ है। पैदल चलने वाले लोगों का चलना दूभर हो रहा है।-रामेश्वर दयाल, गांव नौलायजा।
बॉक्स
गांव की मुख्य सड़क पर रात में अंधेरा होने से तेज गति से आने वाले वाहन कभी भी दुर्घटना के शिकार हो सकते हैं। खोदे गए गड्ढों को भरा जाए और सीवर मैनहोल की सफाई करवाकर बंद करवाएं जाएं। -विवेक, गांव नौलायजा।
बॉक्स
सीवर में रुकावट पैदा होने से सड़क पर बने सीवर मैनहोल की जांच कराई गई थी। सफाई होना बाकी है। कनिष्ठ अभियंता पिंकी यादव और उपमंडल अभियंता एसडीई महेश सिंह से बात हुई है। -सत्यपाल डांगी, वार्ड 5 पार्षद प्रतिनिधी गांव नौलायजा