साइबर ठग ने मोबाइल फोन हैक कर युवक के बैंक खाते से 70810 रुपये निकाल लिए। ठग ने खुद को बैंक का कस्टमर केयर अधिकारी बताकर युवक को बातों में उलझा लिया और उसका मोबाइल हैक कर उसके खाते से रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने पुलिस को शिकायत देकर राशि दिलाने व साइबर ठग के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
गांव खुड़ाना निवासी प्रवीण सिंह ने बताया कि 25 जनवरी को दोपहर 2 बजे उसके मोबाइल पर दो अलग-अलग नंबरों से फोन आया और खुद को आईसीआईसीआई कस्टमर केयर का कर्मचारी होने की बात कही। उसके क्रेडिट कार्ड के बारे पूछा। पीड़ित ने बताया कि उसने 23 जनवरी को क्रेडिट कार्ड से ईएमआई पर एक फोन लिया था, जिस पर उसके लगभग 3200 रुपये ज्यादा कट गए थे। इसे लेकर उसने क्रेडिट कार्ड के बारे में कस्टमर केयर में फोन किया था। ठग ने उसे बातों में उलझाकर एनी डेस्क एप डाउनलोड करा दिया। एप डाउनलोड करते ही उसका फोन हैक हो गया और उसके क्रेडिट कार्ड से 70810 रुपये काट गए। पीड़ित ने पुलिस से कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।