एनएच-8 पर संगवाड़ी पुल के निकट शुक्रवार सुबह 5 बजे के करीब दिल्ली से जयपुर की ओर जा रहे दो ट्रक और एक कैंटर आपस में टकरा गए। हादसे में सबसे पीछे से टकराने वाले कैंटर चालक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जांचकर्ता एएसआई गिरधारी लाल ने बताया कि एनएच-8 पर दो ट्रक व एक कैंटर दिल्ली से जयपुर की तरफ जा रहे थे। संगवाड़ी पुल के निकट सबसे आगे चल रहे वाहन ने अचानक ब्रेक लगाने से पीछे चल रहे ट्रक चालक ने भी ब्रेक लगा दिए। लेकिन सबसे पीछे चल रहे कैंटर चालक का ब्रेक नहीं लगा और आगे चल रहे ट्रक में जा भिड़ा। हादसे में उपमंडल बावल के मोहल्ला गजरान चौक निवासी प्रमोद कुमार (37) गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने घायल प्रमोद कुमार को उपचार के लिए रेवाड़ी के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक ट्रक वहीं पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया। मौके पर पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है।
संगवाड़ी पुल पर पहले भी यूं ही हुआ हादसा
बीते 2 मार्च को एनएच-8 पर तीन ट्राले और एक ट्रक दिल्ली से जयपुर की ओर आगे-पीछे ही चल रहे थे। संगवाड़ी पुल पर सबसे आगे चल रही गाड़ी ने अचानक ब्रेक लगा दिए थे। इसके बाद पीछे आ रहे दो वाहनों ने तो ब्रेक लगा दिए लेकिन सबसे पीछे तेज गति से आ रहे चालक ने ब्रेक नहीं लगाया और ट्राला आगे चल रही गाड़ी से जा भिड़ा। हादसे में अजमेर निवासी एक चालक की मौत हो गई थी।