पालीटेक्निक कालेज के पास रेलवे फाटक नंबर 45 पर स्थित प्रसिद्ध श्याम मंदिर में रविवार रात चोरों ने दानपात्र चुरा लिया। दानपात्र में पूरे महीने का चंदा डाला गया था। बताया जा रहा है कि इसमें चार से पांच हजार रुपये थे। होंगे। चोर केवल मंदिर के शिवालय में लगे दानपात्र को ही चुरा पाए जबकि मुख्य मंदिर का दानपात्र बच गया। मंदिर कमेटी ने इस बारे में पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच छानबीन शुरू कर दी है। वहीं सारी वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई।
मंदिर कमेटी के सदस्य संदीप संघी ने बताया कि मंदिर पुजारी ने कमेटी के संरक्षक दौलतराम गर्ग को सूचना दी कि रात को चोर ने मंदिर के शिवालय का ताला तोड़कर उसमें रखा दानपात्र चुरा लिया। सूचना के बाद मंदिर कमेटी मौके पर पहुंची। जहां पर पाया कि चोर ने मंदिर में तीन-चार गेटों के ताले तोड़े, मगर वह मुख्य मंदिर तक नहीं पहुंच पाया। उन्होंने बताया कि चोर मंदिर के शिवालय में रखे दानपात्र को उठा ले गया।
जिसको थोड़ा आगे ले जाकर तोड़ा तथा उसमें से नकदी निकाल ली। उन्होंने बताया कि यह स्पष्ट नहीं कहा जा सकता कि दानपात्र में कितने पैसे थे, फिर भी अनुमान लगाया जा सकता है कि उसमें चार से पांच हजार रुपये हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि मंदिर के मुख्य दान पात्र तक चोर पहुंचने में कामयाब नहीं हो पाया। उन्होंने बताया कि यह घटना रात तीन से साढ़े तीन बजे की है, जो सारी सीसीटीवी में रिकार्ड हो गई। घटना की जानकारी मंदिर कमेटी ने पुलिस को दी है। जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच छानबीन शुरू कर दी है।