कैलाश नगर में एक बच्ची की अपहरण की सूचना ने पुलिस को एक घंटे तक दौड़ाया। खुडाना में पांच रोज पहले बच्चे के अपहरण की सूचना के बाद सकते में आई पुलिस ने जिले में वीटी करवा दी और बच्ची की तलाश में जुट गई। बाद में बच्ची अपने ही घर में एक कमरे में रजाई में सोती हुई मिली।
बिहारीपुर में रंजिश में बुजुर्ग की हत्या के आरोपी और खुडाना में पांच दिन से लापता बच्चे शुभम को ढूंढने में जुटी पुलिस बृहस्पतिवार को शहर में बच्ची के अपहरण की सूचना पर दौड़ी। रेवाड़ी रोड स्थित कैलाशनगर में बृहस्पतिवार दोपहर पांच-छह प्रवासी महिलाएं घूमती दिखीं।
लोगों के मुताबिक वह घर-घर जाकर कह रहीं थी कि महावीर चौक के पास मंदिर में पेंशन बंट रही है। एक बुजुर्ग महिला सरती देवी के पास वह गईं और उसे अपने साथ ले जाने लगीं।
घर से कुछ दूर महिला ने वृद्धा सरती देवी के कान से सोने के बाले झपटे और रफूचक्कर हो गई। इसका पता लगने पर लोगों ने प्रवासी महिलाओं की तलाश शुरू की। घटनाक्रम के दौरान कैलाशनगर की केशर की पोती निधु (3) नहीं दिखी। परिजन बच्ची को ढूंढने लगे। हर घर की तलाशी ली। बच्ची नहीं मिली।
वारदात से सहमें तो हुआ अंदेशा
आस-पड़ोस में प्रवासी महिलाओं की हरकत की बात सुनकर परिजन सहम गए और बच्ची का अपहरण का संदेह हो गया। कोई अनहोनी न हो जाए इसलिए परिजनों ने पुलिस को सूचित कर दिया। पुलिस ने सूचना मिलने पर जिलेभर में वीटी करवा दी। हर नाके से गुजरने वाले वाहन और लोगों की जांच की गई।
महावीर चौकी के अंतर्गत कैलाशनगर क्षेत्र आता है। बच्ची के अपहरण की बात सुनकर चौकी इंचार्ज कैलाश चंद भी मौके पर पहुंचे। मौके पर जाकर पता चला कि बच्ची तो घर पर ही है। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को प्रवासी महिला की गतिविधियों से अवगत करवाया और बताया कि बच्ची घर पर रजाई में खेल रही थी तो उसे नींद आ गई। जब तक बच्ची की आंख खुली तब तक पूरा घटनाक्रम हो चुका था और वह रजाई से बाहर आई, तब परिजनों ने राहत की सांस ली।