नितिन फौजी व रामवीर दोनों महेंद्रगढ़ के निजी स्कूल में पढ़े थे साथ
रामवीर और नितिन फौजी महेंद्रगढ़ के एक निजी स्कूल में 12वीं तक साथ पढ़े थे। वहीं नितिन फौजी 12वीं पास करने के बाद वर्ष 2019-20 में सेना में भर्ती हो गया। रामवीर जयपुर में आगे की पढ़ाई करने चला गया। इसी वर्ष अप्रैल में एमएससी के पेपर जयपुर में देकर वह गांव आया था।
डालनवास के अमित से पुलिस ने की पूछताछ
सतनाली खंड के ही डालनवास गांव में अमित नाम के युवक से भी पुलिस ने नितिन फौजी के बारे में पूछताछ की है। हालांकि राजस्थान पुलिस अमित से पूछताछ कर साथ नहीं ले गई।
सैनिक परिवार से संबंध रखता है नितिन फौजी
दौंगड़ा जाट के नितिन फौजी का भाई विकास भी सेना में है। वहीं उसके पिता सेना से ही सेवानिवृत्त हैं। नितिन फौजी अभी बहरोड़ (अलवर) में करीब एक साल से 19 जाट बटालियन में तैनात था। वह 8 नवंबर को अपने गांव दौंगड़ा जाट दो दिन की छुट्टी लेकर आया था। इसके बाद 9 नवंबर को वह अपनी गाड़ी सर्विस करवाने की बात कहकर घर से गया था।
राजस्थान पुलिस की टीमें शनिवार को महेंद्रगढ़ जिले में आई थीं। जिला पुलिस की ओर से इस मामले में राजस्थान पुलिस का पूरा सहयोग किया गया है। राजस्थान पुलिस द्वारा महेंद्रगढ़ क्षेत्र के कुछ गांवों में पहुंचकर पूछताछ की गई है। वहीं जिला पुलिस की सीआईए नारनौल, सीआईएस महेंद्रगढ़ व कनीना स्पेशल स्टाफ की तीन टीमें मामले में तेजी से जांच कर रही हैं। संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है और संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है। इस मामले में महेंद्रगढ़ पुलिस की टीमें लगातार राजस्थान क्षेत्र में भी जांच कर रही हैं। - नितिश अग्रवाल, जिला पुलिस अधीक्षक महेंद्रगढ़।