निजामपुर के पास रेलवे स्टेशन पर रखे पाइपों से टकराकर गिरने से एक रेलवे कर्मचारी की मौत हो गई। राजस्थान के कोटा निवासी 32 वर्षीय महेंद्र सिंह शेखावत पुत्र प्रभु सिंह रेलवे में कार्यरत थे। वह रेलवे के विद्युतीकरण करने वाली पावर वैगन ट्रेन में ड्यूटी कर रहे थे।
मंगलवार काम के बाद ट्रेन निजामपुर रेलवे स्टेशन पर खड़ी हो गई। इसके बाद कर्मचारी भी उसकी एक बोगी में सो गया। रात में वह किसी काम से ट्रेन से उतरकर जाने लगा। इस दौरान वहां पर रखे पाइपों में उसका पैर उलझ गया। इससे वह गिर गया और उसकी मौत हो गई। सुबह जब अन्य कर्मचारियों ने उसके शव को देखा तो सूचना जीआरपी को दी।