मॉडल टाउन पुलिस ने बावल रोड पर गांव बिठवाना के पास एक ऑयल के ड्रमों से भरी पिकअप पकड़ी है। पुलिस ने दो शख्सों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर एक को गिरफ्तार किया है जबकि दूसरे फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। पिकअप, गिरफ्तार आरोपी और फरार आरोपी सभी राजस्थान के रहने वाले हैं और चोरी का पेट्रोल और डीजल भी राजस्थान ले जाया जा रहा था।
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह मॉडल टाउन पुलिस को सूचना मिली कि बावल रोड पर गांव बिठवाना के पास कुछ लोग टैंकरों से तेल निकालकर पिकअप में लदे ड्रमों में भरकर राजस्थान ले जा रहे हैं। सूचना पर टीम ने दबिश दी। दो पेट्रोल और छह डीजल के ड्रमों से लदे पिकअप के चालक से बिल्टी मांगी तो वह नहीं दिखा पाया। जिसके बाद तेल लदी पिकअप को थाने लाया गया। पुलिस ने आरोपी कोटकासिम निवासी ओमवीर को हिरासत में ले लिया है। वहीं चालक भिवाड़ी निवासी धर्मपाल गुर्जर की तलाश की जा रही है।
---------
थाने में बनाने लगे रिकॉर्डिंग तो पुलिस ने की अभद्रता
तेल चोरों के पकड़े जाने की सूचना कुछ मीडिया कर्मियों को मिली तो वे थाने पहुंचे। थाना प्रांगण में लाए तेल के ड्रमों भरे पिकअप की वीडियो बनाने लगे। इस पर थाने में मौजूद पुलिस अधिकारियों ने अभद्रता की। दरअसल हुआ ये कि थाने में दो तेल के ड्रमों से भरे पिकअप लाए गए थे। मीडिया कर्मियों के मुताबिक पुलिस एक पिकअप की गाड़ी को सांठगांठ कर निकाल रही थी लेकिन वीडियो बनती देख बिफर गई।
---------
तेल चोरी की होने की सूचना पर पिकअप थाने लाई गई थीं। एक गाड़ी के पास तेल बिक्री के कागजात नहीं थे। जिसके खिलाफ कार्रवाई का जा रही है।
-देवेंद्र सिंह, कार्यवाहक एसएचओ, मॉडल टाउन थाना