बिजनौर के नूरपुर में सोमवार की रात नूरपुर थाने के ग्राम गोहावर जैत स्थित चामुंडा देवी परिसर में निर्माणाधीन मंदिर में स्थापित किया गया शिवलिंग शरारती तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। मंगलवार सुबह पूजा अर्चना के लिए गईं महिलाओं से मामले की जानकारी मिलने पर लोगों में रोष व्याप्त हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस और नागरिकों के बीच बातचीत के बाद मामला निपटा।
गांव गोहावर जैत में आलमपुर एडवा जाने वाले मार्ग पर एक तालाब के निकट चामुंडा देवी स्थल है। जाहर दीवान सहित अनेक देवी देवताओं के मंदिर बने हुए है। यहीं पर पिछले कुछ समय से शिव मंदिर के जीर्णोद्धार का काम चल रहा है।
यहां पर एक चबूतरे पर शिवलिंग की स्थापना पिछले दिनों की गई थी। सोमवार की रात शरारती तत्वों ने चबूतरे पर स्थित शिवलिंग क्षतिग्रस्त कर दिया। मंगलवार की सुबह गांव की कुछ महिलाएं वहां पूजा करने के लिए गई थीं। शिवलिंग को टूटा हुआ देखकर वह गांव में पहुंची और तोड़फोड़ की जानकारी दी। महिलाओं से जानकारी मिलने पर ग्रामीणों में रोष व्याप्त हो गया और वह मौके पर पहुंच गए।
इसी बीच ग्रामीणों की सूचना पर दौलतपुर पुलिस चौकी इंचार्ज योगेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। संभ्रांत लोगों एवं पुलिस के बीच वार्ता हुई। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से ग्रामीणों ने किसी भी प्रकार की कार्रवाई से इंकार कर दिया और चबूतरे पर नया शिवलिंग स्थापित करने को राजी हो गए। इसके बाद मामला शांत हुआ। लोगों ने कहा कि शरारती तत्वों पर नजर रखी जाए।