महासर माता मंदिर से चांदी की प्रतिमा, छत्र व दानपात्र से रुपये चोरी
- फोटो : संवाद
नारनौल क्षेत्र के महासर माता मंदिर में सोमवार रात को मंदिर में माता की चांदी की प्रतिमा, छत्र के साथ दानपात्र में से नकदी चोरी हो गई। मंदिर के पुजारी मुकेश कुमार की शिकायत पर पुलिस ने चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। माता की चांदी की प्रतिमा ढाई किलो और चांदी का छत्र डेढ़ से दो किलो के आस पास का था।
चोरी की घटना को लेकर माता के भक्तों में मायूसी छाई हुई है। अटेली पुलिस ने मौका मुआयना कर साक्ष्य जुटाए हैं। मंदिर के पुजारी मुकेश कुमार माता की सेवा, पूजा पाठ व आरती समय पर करते हैं। यह दिनचर्या प्रतिदिन चलती रहती है। पुजारी मंदिर में सोमवार रात को आरती कर व मंदिर के कपाट बंद कर अपने घर चला गया।
मंगलवार सुबह वह 4 बजे आरती के लिए मंदिर में आया तो मंदिर के प्रथम दरवाजे का ताला व कुंदा टूटा हुआ दिखाई दिया। वह अंदर गया तब मंदिर का दरवाजा भी टूटा हुआ दिखाई दिया, तो मंदिर के अंदर से एक चांदी का छत्र व माता रानी कि चांदी की मूर्ति भी गायब मिली।
साथ ही एक दानपात्र का ताला भी टूटा मिला। इसके बाद सीसीटीवी कैमरे चेक किए तो पाया कि 3 नौजवान लड़के अपने मुंह पर कपड़ा बांधे हुए थे और चोरी करके ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।