नारनौल में महावीर चौकी पुलिस ने बुधवार रात्रि को सिंघाणा रोड स्थित कबाड़ी की दुकान पर कार्य करने वाले उत्तर प्रदेश कानपुर निवासी विनोद कुमार पुत्र दीवान की सिर में लठ मारकर हत्या करने के आरोपी अनिल पुत्र कृष्ण निवासी चांदावास को नारनौल बस स्टेंड से गिरफ्तार करने सफलता हासिल की है। जिसे वीरवार को नारनौल न्यायालय पेश किया गया जहां न्यायालय ने उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
महावीर चौकी प्रभारी युद्धवीर सिंह ने बताया कि नारनौल निवासी सुरेंद्र कुमार जिसकी सिंघाना रोड नारनौल पर कबाड़ी की दुकान है। इस दुकान पर मृतक विनोद कुमार पिछले 6 महीने से पिकअप गाड़ी चलाने का काम करता था। आरोपी अनिल कई महीनों से नारनौल में मिस्त्री का काम करता है। जिसकी दुकान मालिक से पहले से ही जान पहचान थी। कुछ दिन पूर्व आरोपी दुकान मालिक के पास काम मांगने के लिए आया था, जिस पर दुकान मालिक ने आरोपी को कुछ दिन के लिए अपनी दुकान पर रख लिया। गत 27 जून को आरोपी अनिल व मृतक विनोद कुमार ने सायं को मिलकर शराब पी थी। इसी दौरान दोनों में किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। जिस पर विनोद ने आरोपी को मारने की धमकी दी और दुकान से बाहर रेहड़ी पर जाकर सो गया। रात्रि को आरोपी ने विनोद के सर में लठ से 3 बार वार कर उसे मौके पर ही मार दिया और वह अपनी बहन के घर राजस्थान फरार हो गया। अगले दिन आरोपी नारनौल आया और नारनौल बस स्टेंड पर छुप गया। पुलिस अधीक्षक हामिद अख्तर ने आरोपी को पकडने के लिए महावीर चौकी इंचार्ज युद्धवीर, एचसी योगेश, एचसी बिजेंद्र, एचसी रमेश व एचसी अनिल की टीम बनाई। बुधवार रात्रि को पुलिस को सूचना मिली की आरोपी नारनौल बस स्टेंड में है और कही बाहर भागने की फिराक में है। सूचना पाकर चौकी इंचार्ज एएसआई युद्धवीर अपनी टीम के साथ बस स्टैंड पहुंचा और आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी को वीरवार को नारनौल कोर्ट में पेश किया, जहां उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया।