नांगल चौधरी अनाज मंडी में अज्ञात बदमाशों ने ताला तोड़कर दुकान से नकदी चुरा ली है। सूचना पाकर थाना प्रभारी शफीउद्दीन घटना स्थल पहुंचकर पीड़ित दुकानदार की शिकायत पर आरोपियों की खोजबीन आरंभ कर दी है।
दुकान मालिक पवन मित्तल ने बताया कि दुकान के आगे व पीछे दो दरवाजे लगे हैं ताकि सामान लोड करने में सुविधा रहे। शुक्रवार की शाम करीब 7.30 बजे ताला लगाकर घर गया था। शनिवार की सुबह करीब 8 बजे मुनीम ने दुकान खोली तो इस दौरान गल्ला खुला तथा गोशाला का दानपात्र टूटा हुआ मिला। उन्होंने बताया कि दानपात्र में करीब आठ हजार तथा गल्ले में 14 हजार 600 नकदी थी। मुनीम ने घटना की जानकारी तुरंत मालिक पवन को दी। पवन ने बताया कि पिछले साल अज्ञात चोरों ने यूरिया खाद चुराया था। जिसकी शिकायत थाने में दर्ज है, किंतु गिरफ्तारी नहीं होने के कारण आरोपियों के हौसले बुलंद हैं। घटना स्थल पहुंचे व्यापार मंडल के प्रधान प्रहलाद पहलवान, मोतीलाल सेठ व बिक्रम सिंह आदि ने पुलिस गश्त बढ़ाने की गुहार लगाई है।