प्रशासनिक कार्रवाई के बावजूद अवैध खनन पर अंकुश नहीं लग पा रहा। बृहस्पतिवार सुबह विभागीय टीम ने मूसनोता की पहाड़ी में छापामारी कर एक जेसीबी मशीन और डंपर को इंपाउंड किया है। वाहनों को नांगल चौधरी बाड़े में बंद कर दिया गया। विभाग को रात के समय पहाड़ में खनन करने की सूचना मिली थी।
इसके आधार पर निरीक्षक सुभाष चंद के नेतृत्व में छापामारी की योजना बनाई। सुबह 4.30 बजे अधिकारी पुलिस को लेकर खनन स्थल पहुंचे। इस दौरान खनन माफिया के कारिंदे जेसीबी मशीन से डंपर में पत्थर भरने में जुटे थे। टीम को देखते ही माफिया जंगलात की ओर भाग गए। टीम से जेसीबी तथा डंपर को इंपाउंड कर दिया। चालक फरार होने के कारण जेसीबी और डंपर को बाड़े में पहुंचाने की समस्या उत्पन्न हो गई।
सुबह आठ बजे थाना प्रभारी राजकरण ने खुद डपंर चलाकर बाड़े में पहुंचाया। जेसीबी मशीन को अन्य ऑपरेटर की सहायता से बंद किया गया। निरीक्षक सुभाष चंद ने बताया कि अवैध खनन किसी भी सूरत में नहीं होने देंगे। रात को नियमित रूप से छापामारी की जाएगी।