गांव पायगा के पास बस-बाइक की टक्कर में एक की मौत और दो लोग घायल हो गए। घायलों को सिविल अस्पताल महेंद्रगढ़ लाया गया जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रोडवेज बस को अपने कब्जे में ले लिया, बस ड्राइवर मौके से भाग गया।
वन विभाग के कर्मचारी दिनेश खेड़ा, राकेश सीगड़ा और शेर सिंह मंगलवार को गांव पायगा में अपने साथी कर्मचारी के रोट पर गए थे। वहां से खाना खाने के बाद वे वापस लौट रहे थे।
वापस लौटते समय वे पायगा गांव की गली से निकलकर हाईवे क्रास कर रहे थे। तभी महेंद्रगढ़ की ओर से तेज गति से आ रही दादरी डिपो की बस ने बाइक को टक्कर मार दी।
रफ्तार ज्यादा होने के कारण बस के ब्रेक नहीं लग पाए। इस हादसे में दिनेश खेड़ा की मौके पर मौत हो गई और राकेश, शेर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक दिनेश वन विभाग में दरोगा था।
राकेश वन विभाग में मजदूर है और शेर सिंह चपरासी है। चिकित्सकों ने शव का परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ तेज गति और लापरवाही से बस चलाने के आरोप में मामला दर्ज किया है।