जिले की मंजाकोट तहसील के अंतर्गत पड़ने वाले एक गांव से दस दिन पहले अगवा की गई 17 वर्षीय किशोरी को पुलिस ने दिल्ली के जामा मस्जिद इलाके से बरामद कर लिया है। अपहरणकर्ता दो बच्चों का बाप हैै, जो पुलिस को चकमा देकर फरार होने में सफल रहा।
जानकारी के अनुसार सात नवंबर को पीड़ित किशोरी के पिता ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाते हुए बताया था कि कशाफत हुसैन पुत्र मोहम्मद शब्बीर निवासी नैक्का पंजग्राई उनकी बेटी को अगवा कर ले गया है। पिता के अनुसार किशोरी सुबह स्कूल के लिए निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस घर नहीं पहुंची।
अपने स्तर पर हर जगह तलाश करने पर पता चला कि उसे आखिरी बार अपहरणकर्ता के साथ देखा गया था। अपहरणकर्ता शादीशुदा व दो बच्चों का बाप है। मंजाकोट पुलिस थाने में अपहरण का मामला दर्ज कर पुलिस ने तलाश शुरू कर दी थी।
एसएचओ मंजाकोट यूनिस अहमद ने बताया कि पुलिस ने दो दिन पहले पता लगा लिया कि अपहृत किशोरी दिल्ली में है। पुलिस की विशेष टीम को दिल्ली भेजा गया। सोमवार को टीम ने किशोरी को दिल्ली के जामा मस्जिद इलाके से बरामद कर लिया। अपहृत किशोरी को यहां लाने के बाद मेडिकल जांच करवाकर परिवार को सौंप दिया गया है।
एसएचओ के अनुसार अपहरणकर्ता किशोरी को अपने साथ पहले हैदराबाद ले गया था। कुछ दिन पहले वह उसे लेकर दिल्ली पहुंचा। राजोरी से दिल्ली गए कुछ लोगों ने उसे वहां देख लिया। आरोपी को पुलिस के वहां पहुंचने की भनक लगी, तो वह किशोरी को छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस उसको पकड़ने के लिए तलाशी अभियान चला रही है। एसएचओ के अनुसार जल्द ही उसे दबोच लिया जाएगा। फिलहाल आरोपी के खिलाफ आरपीसी की धारा 363 के तहत अपहरण का मामला दर्ज किया गया है।