बदमाशों ने बुधवार देर रात एक मंदिर में तोड़फोड़ कर आग लगा दी। हमलावरों ने मंदिर में रह रहे चार साधुओं को लाठी डंडों से जमकर पीटा। घायल साधुओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामला मंदिर की कमेटी से जुड़ा बताया जा रहा है। जगनगेट चौकी पुलिस को घटना के 18 घंटे बाद भी मामले की जानकारी नहीं है।
घीसा की ढाणी के प्राचीन हनुमान मंदिर में रहने वाले साधुओं के अनुसार बुधवार देर रात कुछ लोगों ने उनके साथ मारपीट की। आरोप है कि पीटने वाले कॉलोनी के ही कुछ लोग थे। बदमाशों ने साधुओं को पीटने के साथ ही तोड़फोड़ की और मंदिर के कुछ हिस्सों में आग भी लगा दी। हमले में एक साधू गंभीर घायल हो गया। घायल साधू का कहना है कि अगर पीटने वालों को मंदिर की कमेटी बनानी थी तो उनको बोल देते तो वे छोड़कर चले जाते। मंदिर में चार साधू हैं, इसमें से तीन निजी अस्पताल में भर्ती है जबकि एक लापता है।
-------------
मामला संज्ञान में आने के बाद स्थानीय सिटी एसएचओ को मौके पर भेजा है। पूरी तरह तफ्तीश कराई जा रही है। जांच कराने के साथ ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। - मो. जमाल, डीएसपी, रेवाड़ी