सतनाली पुलिस ने मारपीट के तीन अलग-अलग मामले दर्ज किए है। खंड के गांव नांवा के एक व्यक्ति की शिकायत पर मंढ़ियाली के तीन नामजद युवकों पर आरोप लगाया है कि बृहस्पतिवार को जब उसका पुत्र कुलदीप गांव के तालाब की ओर गया था तो वहां पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने एवं जातिसूचक गालियां देने की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। वहीं, दूसरे मामले में गांव डालनवास की विवाहिता मुन्नी देवी पत्नि नफे सिंह की शिकायत पर गांव के पवन, विकास, सुरेश, निट्टू तथा सुरेश और राजपाल की पत्नि कुल 6 नामजद लोगों के खिलाफ घर में घुसकर झगड़ा करने, मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
इसी तरह तीसरे मामले में गांव माधोगढ़ की एक विवाहिता मुन्नी देवी पत्नि अमर सिंह की शिकायत पर गांव की दो महिलाओं सहित कुल 4 नामजद लोगों के खिलाफ मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
महिला ने शिकायत में बताया कि बृहस्पतिवार को गांव के ही उसके खेत के पड़ोसी विक्रम, राजेश, विक्रम की पत्नि और मां अचानक अपने हाथों में लाठी-डंडा लेकर आए और बेवजह उसके पति के साथ गाली-गलौच करने लगे। विरोध करने पर लात-घुस्सों व हाथ में लाठी-डंडों से मारपीट कर घायल कर दिया।