शहर को साफ सुथरा रखने के लिए जिला प्रशासन ने शनिवार को सफाई अभियान शुरू किया लेकिन 10 मिनट में ही यह कार्रवाई अतिक्रमण हटाने तक पहुंच गई। नप कर्मचारियों शहर में वापस आ अतिक्रमण करने वाले रेहड़ी संचालकों पर कार्रवाई की। टीम के आने पर रेहड़ी संचालक यहां-वहां भागते दिखे। हालांकि टीम का यह सफाई और अतिक्रमण अभियान सिर्फ शहर के मुख्य मार्गों तक ही सीमित रहा, शहर के अंदरूनी भाग में लगे गंदगी के अंबार टीम को दिखे ही नहीं।
सफाई अभियान के तहत शनिवार को उपायुक्त अतुल कुमार ने सफाई कर्मचारियों दल को स्थानीय महावीर चौक से हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। दल ने थोड़ी देर तो सफाई की, फिर सफाई की बजाय रेहड़ी लगा अतिक्रमण करने वालों को हटाने लग गए। टीम के आने पर रेहड़ी संचालक अपना सामान समेट यहां-वहां भागने लगे। इससे सुबह-सुबह मुख्य मार्गों पर अफरा तफरी मच गई।
पोस्टरों पुती दीवारें सुंदरता पर ग्रहण
वहीं सफाई अभियान की शुरूआत करते हुए डीसी ने कहा कि शहर के सौंदर्यीकरण को बनाए रखने का कार्य किसी एक वर्ग का नहीं बल्कि सभी का दायित्व है कि इस अभियान में पूरा सहयोग दे। आज सड़क के दोनों तरफ लगने वाली लगने वाली अस्थायी रेहड़ियों और जगह जगह लगने वाले पोस्टरों ने शहर की अपनी पहचान खो रखी है।
निर्धारित स्थान पर लगाए रेहड़ी
डीसी ने कहा कि रेहड़ी वालों को निर्देश दे दिए गए है कि वे निर्धारित स्थान पर अपनी रेहड़ी लगाए अन्यथा सख्त कार्रवाई अमल में लायी जाएगी। महावीर चौक या अन्य होर्डिंगों पर विभिन्न संस्थानों के पोस्टर या पैंफलेट चस्पा है स्वयं अपनी प्रचार सामग्री हटा लें। आदेशों की पालना न करने वाले व्यक्ति के विरुद्ध प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। सफाई अभियान को सफल बनाने के लिए विभिन्न प्वाइंट बनाए गए हैं। इसमें लगभग सौ अधिकारियों व कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। शहर के सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर चस्पा करने और सड़क पर अतिक्रमण किया जा रहा है। पोस्टर चस्पा करने से जहां शहर की दीवारें या चौराहों की सुंदरता को ग्रहण लग रहा है वहीं अतिक्रमण से सुगम यातायात में बाधा आती है और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।
आमजन से सफाई रखने की अपील
उपायुक्त ने आमजन से अपील की कि वे सफाई अभियान में पूर्ण सहयोग दें। इससे शहर की अलग पहचान बने तथा बाहर ले आने वाला व्यक्ति भी बेहतर सफाई को संदेश ले जा सके। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त आरएस वर्मा, नगराधीश रोहित कुमार यादव के अलावा कार्यकारी अभियंता धर्मवीर यादव नगरपालिका के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।